एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने रविवार शाम को पार्टी मुख्यालय में आयोजित ईद मिलाप कार्यक्रम को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने उम्मीद जताई कि आगामी बिहार विधानसभा चुनाव में उनकी पार्टी के उम्मीदवार सफल होंगे।
ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिममीन (एआईएमआईएम) प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने रविवार को कहा कि उन्हें उम्मीद है कि उनकी पार्टी के उम्मीदवार आगामी बिहार विधानसभा चुनाव में सफल होंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी की बिहार इकाई के प्रमुख अख्तरुल ईमान की मेहनत रंग लाएगी।
विज्ञापन
ओवैसी ने शाम को एआईएमआईएम मुख्यालय में आयोजित ईद मिलाप कार्यक्रम को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि एआईएमआईएम ने बिहार के बहादुरगंज से अपने उम्मीदवार की घोषणा पहले ही कर दी है। उन्हें उम्मीद है कि बिहार चुनाव में उनकी पार्टी के उम्मीदवार सफल होंगे। बता दें कि 2020 में बिहार में एआईएमआईएम के पांच उम्मीदवार चुने गए थे। बाद में चार विधायक राजद में शामिल हो गए।
कानून हाथ में लेना संविधान के लिए अच्छा नहीं
हैदराबाद सांसद ओवैसी ने यह भी कहा कि बकरीद से पहले कुछ संगठन कानून अपने हाथ में लेने की कोशिश करते हैं। उन्होंने कहा कि अगर कानून को अपने हाथ में लिया जाता है, तो यह कानून और संविधान के लिए ठीक नहीं है। उन्होंने कहा, 'अगर किसी को कोई शिकायत है, तो उसे कानूनी तरीका अपनाना चाहिए। अगर लोग खुद ही कानून लागू करने लगेंगे, तो याद रखें, लोकतंत्र कमजोर हो जाएगा।
एआईएमआईएम प्रमुख ओवैसी की 'कानून को हाथ में लेने' की टिप्पणी बकरीद से पहले मवेशियों के अवैध परिवहन को रोकने के लिए कुछ संगठनों द्वारा किए गए प्रयासों की ओर इशारा माना जा रहा है।