एआईएमआईएम प्रमुख और हैदराबाद सांसद असदुद्दीन ओवैसी का फर्जी वीडियो बनाकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अपलोड किया गया है। इस वीडियो के माध्यम से लोगों से ऑनलाइन ठगी की जा रही थी। वीडियो सामने आने पर ओवैसी ने पुलिस में शिकायद दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिममीन (एआईएमआईएम) अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी का डीपफेक वीडियो बनाकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रसारित किया गया है। इस वीडियो के माध्यम से लोगों से ऑनलाइन निवेश योजना में निवेश कराने के नाम पर ठगी की जा रही थी। वीडियो सामने आने के बाद एआईएमआईएम प्रमुख औवैसी ने हैदराबाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
विज्ञापन
हैदराबाद पुलिस ने शनिवार को बताया कि ओवैसी का डीपफेक वीडियो आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) द्वारा तैयार किया गया है। वीडियो में ओवैसी की छवि और नाम के साथ-साथ अन्य प्रसिद्ध हस्तियों का भी इस्तेमाल किया गया है, ताकि लोगों को विश्वास दिलाया जा सके कि वह एक निवेश घोटाले को बढ़ावा दे रहे हैं। फर्जी वीडियो में प्रतिदिन 53,000 रुपये का रिटर्न देने का वादा किया गया है।
निर्दोष लोगों को लुभाने के लिए अपलोड किया फर्जी वीडियो: ओवैसी
हैदराबाद सांसद ओवैसी ने पुलिस में दर्ज कराई शिकायत में कहा है कि वीडियो लोगों को एक फर्जी वेबसाइट में पैसा लगाने के लिए निर्देशित करता है, जिससे निर्दोष लोगों को नुकसान हो सकता है। ओवैसी ने कहा, 'यह वीडियो निर्दोष लोगों को लुभाने और मेरे नाम पर झूठा प्रचार करने के लिए दुर्भावनापूर्ण सामग्री के साथ बनाया और अपलोड किया गया है।'
वीडियों में प्रसिद्ध हस्तियों की क्लिप भी शामिल
पुलिस के अनुसार, डीपफेक वीडियो में प्रसिद्ध हस्तियों की एआई-जनरेटेड क्लिप भी शामिल की गई हैं। इनमें केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, अरबपति उद्योगपति मुकेश अंबानी और इंफोसिस के संस्थापक नारायण मूर्ति की क्लिप शामिल हैं।
साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज
हैदराबाद सांसद ओवैसी ने पुलिस से अपील की है कि वह सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से इस फर्जी वीडियो को हटवाए और यह पता लगाया जाए कि इस वीडियो को किसने अपलोड किया है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि ओवैसी की शिकायत पर साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन ने 5 जून को आईटी एक्ट और बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया से वीडियो हटाने सहित अन्य जांच की जा रही है।