माकन ने ट्वीट किया, केजरीवाल जी- आप तो राजनीति का रंग बदलने आए थे, AAP पर ही राजनैतिक रंग इतना गाढ़ा चढ़ गया? एक कांग्रेस से, तो एक BJP से पकड़ लाए! जिन एनडी गुप्ता को आप जीएसटी का एक्सपर्ट बता रहे हो, वही मोदी जी के सबसे बड़े जीएसटी समर्थक है! इन्हीं ने, 1 जुलाई को मोदी जी को जीएसटी पर पूर्ण समर्थन का ऐलान करा था!
वहीं इससे पहले उन्होंने दूसरे उम्मीदवार सुशील गुप्ता को लेकर भी केजरीवाल पर निशाना साधा जो पूर्व में कांग्रेस सदस्य रहे हैं। माकन ने ट्वीट किया- कि 28 नवंबर को सुशील गुप्ता ने मुझे अपना इस्तीफा सौंपा, मेंने पूछा क्यों?? उन्होंने जवाब दिया- सर, मुझे राज्यसभा भेजने का वायदा करा है। मैंने कहा- संभव नहीं है। वह मुस्कुराए और कहा, "सर आप नहीं जानते"। 40 से भी कम दिनों में जो कहा था उससे ज्यादा हो गया। बहरहाल, सुशील बढ़िया आदमी हैं और अपनी चैरिटी के लिए जाने जाते हैं।
माकन के अलावा केजरीवाल के पुराने साथी और विधायक कपिल मिश्रा ने भी केजरीवाल पर निशाना साधा। ट्वीट करते हुए मिश्रा ने लिखा- "गधे हंस रहे हैं, आम आदमी रो रहा है, आप में देखो ये क्या हो रहा है। घोडों को नहीं मिलती घास देखो, गधे खा रहे च्वयनप्राश देखो।"
इसी मामले में केजरीवाल के पुराने सहयोगी रहे और स्वराज आंदोलन के संयोजक योगेन्द्र यादव ने भी इशारों इशारों में केजरीवाल पर तंज कस दिया। उनका इशारा राज्यसभा के लिए टिकटों में पैसे के लेनदेन की तरफ रहा।