शराब घोटाला मामले में अरविंद केजरीवाल की रिमांड को अदालत ने चार दिन यानी एक अप्रैल तक बढ़ा दिया है। इसी बीच भाजपा ने आम आदमी पार्टी से कुछ गंभीर प्रश्न किए हैं, जिसका जवाब आने के बाद आप के कुछ नेताओं की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। भाजपा ने आम आदमी पार्टी नेताओं से यह प्रश्न पूछा है कि आखिर उन्हें प्रवर्तन निदेशालय की गिरफ्त में जेल में बंद अरविंद केजरीवाल का पत्र कैसे मिला?
दरअसल, इसके पहले अमर उजाला ने संविधान के विशेषज्ञों से बात की थी। उनका मानना था कि प्रवर्तन निदेशालय की गिरफ्त में जेल में बंद कोई व्यक्ति पत्राचार नहीं कर सकता। सार्वजनिक पद पर बैठे व्यक्ति को भी जेल में रहने के बाद इस तरह के आदेश-निर्देश पत्र जारी करने की अनुमति नहीं होती।
लेकिन इसी बीच भाजपा ने अरविंद केजरीवाल से पांच सवाल कर उसके लिए स्थिति असहज कर दी है। भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने गुरुवार को एक प्रेस कांफ्रेंस कर आम आदमी पार्टी नेताओं से पूछा है कि दिल्ली की जनता मंत्री आतिशी से जानना चाहती है कि उन्होंने जो पत्र मुख्यमंत्री केजरीवाल का पत्र कह कर दिखाया वह उनके पास कहां से आया? किसने उन्हें वह पत्र दिया?
वरिष्ठ वकील आभा सिंह और अश्विनी उपाध्याय का मानना है कि विशेष परिस्थितियों में जेल में बंद व्यक्ति को पत्र लिखने या हस्ताक्षर करने की अनुमति दी जाती है, लेकिन इसके लिए अधिकारियों से पूर्वानुमति ली जाती है। इसके बारे में जेल अधिकारियों को पूरी सूचना दी जाती है। यदि अरविंद केजरीवाल ने बिना अनुमति के पत्र लिखे हैं, या उन पर हस्ताक्षर किये हैं तो इस मामले में उन पर नया मामला दर्ज किया जा सकता है।
'ये फ्रॉड होगा'
वहीं, यदि किसी व्यक्ति ने बिना अरविंद केजरीवाल के हस्ताक्षर का पत्र उनका बताकर मीडिया में सार्वजनिक किया है, यह फ्रॉ़ड जैसे अपराध की श्रेणी में आता है और इस मामले में उचित धाराओं में केस दर्ज किया जा सकता है। हालांकि, इस मामले में असलियत में क्या हुआ है, इस पर जांच के बाद ही कुछ कहा जा सकता है।
भाजपा ने पूछे ये सवाल
भाजपा ने यह भी पूछा है कि क्या जेल से सरकार चलाने की बात नैतिक रूप से सही है? भाजपा नेताओं ने कहा है कि केजरीवाल दुनिया में किसी एक मुख्यमंत्री या प्रधानमंत्री का उदाहरण दिखाएं, जिसने जेल से सरकार चलाई हो? जेल से सरकार चलाने की व्यावहारिकता पर भी प्रश्न उठाते हुए भाजपा ने पूछा है कि क्या यह व्यावहारिक होगा।
राघव चड्डा की प्रीत कौर गिल से मुलाकात पर भी सवाल
पार्टी ने पूछा है कि यदि जेल से सरकार चलाना नैतिक रूप से उचित है, तो केजरीवाल बताएं कि उन्होंने अपने दो मंत्रियों सत्येंद्र जैन और मनीष सिसोदिया से इस्तीफा क्यों लिया? भाजपा का आरोप है कि अरविंद केजरीवाल का आतंकवादी संगठनों से जुड़े लोगों से संवाद करने का मामला सामने आया है।
एक आतंकवादी संगठन से जुड़े व्यक्ति का वीडियो सार्वजनिक है, जो उनसे संबंध होने और उन्हें पैसे देने की बात कह रहा है। भाजपा ने पूछा है कि केजरीवाल या आम आदमी पार्टी उसका खंडन क्यों नहीं कर रही है? इसके अलावा भाजपा ने आप सांसद राघव चड्डा की लंदन में सांसद प्रीत कौर गिल से मुलाकात पर भी सवाल उठाए हैं।