वित्त मंत्री अरुण जेटली ने नोटबंदी पर बैंकों और एटीएम के बाहर लगी लंबी कतारों पर कहा है कि आबादी बड़ी है तो लाइनें तो लगेंगी ही। वित्त मंत्री ने कहा कि तमाम परेशानियों के बावजूद देशवासियों ने सरकार को सहयोग दिया है।
जेटली ने एचटी लीडरशिप समिट के दौरान बातचीत में विमुद्रीकरण या नोटबंदी के मुद्दे पर मोदी सरकार का पक्ष रखा।
जेटली ने कहा, "अगर आप इस देश के स्वभाव को देखें तो एक हिस्सा है जो आसानी से बदलाव को स्वीकार नहीं करता है। मुझे याद है कि हम एक वक्त इस बहस में काफी समय गंवाते थे कि भारत को रंगीन टीवी चाहिए या नहीं। 1996 में पार्टी की बैठक के लिए हमारी पार्टी ने सात मोबाईल फोन खरीदे तो मीडिया ने हमारे प्रस्तावों को रिपोर्ट नहीं किया। हां हमारा मजाक अवश्य उड़ाया गया। 15 साल पहले कोई भरोसा नहीं करता कि एक गरीब या दलित के हाथों में मोबाइल हो सकता है लेकिन आज यह एक सच्चाई है।"