वित्त मंत्री अरुण जेटली की सेहत में अब सुधार आने लगा है। बताया जा रहा है कि एम्स की टीम ने अब उन्हें एक निजी वार्ड में शिफ्ट भी कर दिया है। हालांकि डॉक्टरों की मानें तो वित्त मंत्री को अभी भी कुछ समय के लिए एम्स में भर्ती रहना होगा।
तमाम चिकित्सीय जांच पूरी होने और उनकी शारीरिक गतिविधियां सामान्य होने के बाद डॉक्टर मंत्री जेटली को घर भेज सकते हैं। लेकिन अभी इस प्रक्रिया में थोड़ा वक्त बताया जा रहा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार शुक्रवार को वित्त मंत्री अरुण जेटली को एक निजी वार्ड में शिफ्ट कर दिया है।
बता दें कि वित्त मंत्री अरुण जेटली का पिछले दिनों किडनी प्रत्यारोपण हुआ है। एम्स के करीब 12 से ज्यादा वरिष्ठ डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है। सूत्रों की मानें तो मंत्री जेटली को किडनी देने वाला दाता भी धीरे धीरे रिकवर हो रहे हैं।
ज्ञात हो कि जेटली ने छह अप्रैल को एक ट्वीट कर अपनी बीमारी की पुष्टि की थी। उन्होंने ट्वीट किया था एम्स में उनका किडनी प्रत्यारोपण होना है। इससे पहले सितंबर 2014 में उनकी बैरिएट्रिक सर्जरी भी हुई थी। डायबिटीज से ग्रस्त होने के कारण उनका वजन बढ रहा था और इस निदान के लिए ही उनकी बैरिएट्रिक सर्जरी हुई थी। जेटली की कुछ साल पहले हार्ट सर्जरी भी हुई थी।