राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति और प्रधानमंत्री के लिए अमेरिका से आने वाला वीवीआईपी विमान 'एयर इंडिया वन' को तकनीकी कारणों से स्थगित कर दिया गया है। सूत्रों के मुताबिक, एयर इंडिया वन विमान आज आने वाला था। अमेरिका के राष्ट्रपति की तरह जल्द ही भारत के राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति और प्रधानमंत्री देसी 'एयर इंडिया वन' विमान में सफर करेंगे। दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र के राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री के लिए खरीदे गए दो बोइंग-777-300 ईआर विमान लगभग तैयार हो गए हैं। इनमें से एक आज यानी मंगलवार को भारत पहुंचने वाला था जबकि दूसरा इस साल के अंत तक भारत पहुंचेगा।
दरअसल, ये बोइंग 777 विमान है, जिसे अमेरिका में एक अभेद्य हवाई किले की तरह बदल दिया गया है। गौरतलब है कि भारत ने दो बोइंग 777 विमान खरीदे हैं। इसमें से एक की डिलीवरी अगस्त में होनी थी। इसी को लेने के लिए अधिकारी अमेरिका गए थे। इसका इस्तेमाल भारतीय पीएम के अलावा राष्ट्रपति और उपराष्ट्रपति भी करेंगे।
खबरों के मुताबिक, इस पर मिसाइल हमले का भी असर नहीं होता। इस विमान में हवा में ही ईंधन भरने की क्षमता होगी। साथ ही यह विमान एक बार में भारत से अमेरिका तक की दूरी के बीच उड़ान भर सकेगा। इस विमान में ऑफिस और एक मीटिंग रूम भी होगा। इसमें मिरर बॉल सिस्टम भी इस्तेमाल किया गया है। इसमें सबसे आधुनिक और सिक्योर सैटेलाइट कम्युनिकेशन सिस्टम भी लगा है।