भारतीय वायु सेना द्वारा पाकिस्तान के बालाकोट में घुसकर आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद के ठिकानों पर की गई एयर स्ट्राइक पर उठ रहे सवालों के बीच बड़ा खुलासा हुआ है। समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, नेशनल टेक्निकल रिसर्च ऑर्गेनाइजेशन (एनटीआरओ) के सर्विलांस में खुलासा हुआ है कि बालाकोट स्थित जैश-ए-मोहम्मद के कैंप में करीब 300 मोबाइल फोन सक्रिय थे जहां भारतीय वायु सेना ने एयर स्ट्राइक को अंजाम दिया था।
इससे पहले ऐसे सवालों पर वायु सेना प्रमुख बीएस धनोआ ने कोयंबटूर में एक प्रेस कांफ्रेंस के दौरान सिलसिलेवार जवाब दिए। इस दौरान उन्होंने मिग 21 को हर लिहाज से बेहतरीन लड़ाकू विमान बताया। एयर चीफ मार्शल ने विंग कमांडर अभिनंदन वर्तमान को लेकर सवालों के भी जवाब दिए। उन्होंने कहा कि वायु सेना मरने वालों की गिनती नहीं करती और बालाकोट आतंकी शिविर पर हवाई हमले में हताहत लोगों की संख्या की जानकारी सरकार देगी। उन्होंने कहा कि मरने वालों की संख्या लक्षित ठिकाने में मौजूद लोगों की संख्या पर निर्भर करती है।