पाक अधिकृत कश्मीर में 'सर्जिकल स्ट्राइक' के जरिए आतंकियों के लॉन्च पैड को ध्वस्त करने के बाद उत्साहित भारतीय सेना ने एलओसी के पार आतंकियों के सफाए के लिए राजनीतिक नेतृत्व से लगातार छह महीने तक ऐसे अभियान चलाने की बात कही है।
शीर्ष सेना अधिकारियों ने अंग्रेजी अखबार इकोनॉमिक टाइम्स से ऑफ द रिकॉर्ड बात करते हुए कहा कि एलओसी पर अपनी सर्जिकल स्ट्राइक को पब्लिक के सामने लाने के बाद सेना के अधिकारियों ने अपने राजनीतिक नेतृत्व को स्पष्ट कर दिया है कि 'कभी कभार' स्ट्राइक करने से आतंकियों को खत्म नहीं किया जा सकता। इसके लिए क्षमता और मीडियम टर्म प्लान की जरूरत है।
सेना के वरिष्ठ रणनीतिकारों ने सरकार को बता दिया है कि देश को इस बात के लिए तैयार रहना होगा कि कश्मीर में इसकी प्रतिक्रिया हो सकती है। गौरतलब है कि रविवार को बारामुला में सीमा सुरक्षा बल के आर्मी कैंप पर आतंकियों ने हमला कर दिया। वहीं सोमवार को भी एलओसी पर कई इलाकों में सीजफायर उल्लंघन हुआ।
सेना के रणनीतिकारों ने सरकार से यह भी कहा है कि उड़ी और पठानकोट जैसे अटैक रोकने के लिए दृढ़ता से लगातार अभियान चलाने की जरूरत है।
एक शीर्ष सेना अधिकारी ने कहा, 'हम लगातार अभियान चलाने की सोच रहे हैं। आतंकी नेटवर्क बैकफुट पर है, लेकिन असल में कुछ हासिल करने के लिए छोटी अवधि के प्लान बनाने होंगे, जैसे छह महीने का अभियान। एक बार स्ट्राइक करने से कुछ खास हासिल नहीं होगा।'