फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

चुनाव आयोग के समर्थन में उतरी भाजपाई मुख्यमंत्रियों की फौज: विपक्ष पर बरसे; बोले- कांग्रेस और साथी दल बेनकाब

Mon, 28 Sep 2026 05:28 AM IST
प्रशांत तिवारी न्यूज डेस्क, अमर उजाला

सार

चुनाव आयोग और एसआईआर को लेकर जारी सियासी घमासान के बीच भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने आयोग का समर्थन करते हुए कांग्रेस और विपक्ष पर जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया है। योगी आदित्यनाथ, शुभेंदु अधिकारी, रेखा गुप्ता, हिमंत बिस्व सरमा समेत कई मुख्यमंत्रियों ने अलग-अलग पत्रकार वार्ताओं में विपक्ष के आरोपों को खारिज किया है।
विज्ञापन
चुनाव आयोग - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

चुनाव आयोग और एसआईआर को लेकर छिड़ी सियासी जंग में नया मोड़ आ गया है। तीनों आयुक्तों के एक साथ आकर मतभेद से इन्कार करने के बाद रविवार को भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री उनके समर्थन में उतरे। सभी ने अपने-अपने प्रदेश में पत्रकार वार्ता की और विपक्ष को निशाने पर लिया। सभी ने कहा कि इस मामले में कांग्रेस समेत सभी विपक्षी दलों ने जनता को गुमराह करने की कोशिश की। आयोग के प्रति झूठ फैलाने वालों को माफी मांगनी चाहिए।  

विज्ञापन


एसआईआर पर भ्रम फैला रहे कांग्रेस व विपक्षी दल : योगी
यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा, एसआईआर पहले भी किए गए। लेकिन वर्तमान में हो रही प्रक्रिया पर कांग्रेस, समाजवादी पार्टी और राजद अनावश्यक रूप से विवाद खड़ा कर रहे हैं। कांग्रेस और यूपीए की ओर से की जा रही बयानबाजी लोकतांत्रिक मूल्यों को नुकसान पहुंचा रही हैं। 

कांग्रेस जीते तो एसआईआर अच्छा भाजपा जीते तो खराब: शुभेंदु
बंगाल के सीएम शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि जहां कांग्रेस जीते वहां एसआईआर अच्छा पर बिहार और बंगाल में भाजपा जीते तो एसआईआर बहुत खराब। शुभेंदु ने कहा, बंगाल में 27 लाख मतदाताओं के नाम कटने के लिए ममता बनर्जी जिम्मेदार हैं, चुनाव आयोग नहीं।
विज्ञापन


जनता का ध्यान भटकाने की कोशिश कर रहा विपक्ष: रेखा
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भी चुनाव आयुक्तों के खिलाफ जनता का ध्यान भटकाने की कोशिश का आरोप लगाते हुए विपक्ष को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि विपक्ष देश में ऐसे हालात पैदा करना चाहता है, जिसका वास्तविकता से कोई लेना देना नहीं है।

यह चुनाव आयोग पर नहीं, जनता पर हमला: हिमंत
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने कहा कि चुनाव प्रक्रिया की विपक्ष द्वारा आलोचना चुनावी जनादेश पर सवाल उठाने जैसा होगा। ममता बनर्जी चुनाव हार चुकी हैं। वह पिछली बार भी बिना एसआईआर के अपनी खुद की सीट हार गई थीं। कहा कि आप चुनाव आयोग पर नहीं बंगाल की जनता पर हमला कर रही हैं।

नैरेटिव गढ़ हर बार बेनकाब होती है कांग्रेस: धामी
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा, कांग्रेस पर भ्रम पैदा करने के लिए आदतन झूठा नैरेटिव गढ़ने का आरोप लगाया। धामी ने कहा कि कांग्रेस ने एक बार फिर जनता को गुमराह किया है। हर बार जब वे कोई नैरेटिव गढ़ते हैं, तो वह झूठा साबित होता है, और वे बेनकाब हो जाते हैं।

जब राबड़ी देवी सीएम थीं तो भी हुआ था बिहार में एसआईआर : सम्राट
बिहार के सीएम सम्राट चौधरी ने कहा कि एसआईआर तब भी हुई थी जब राबड़ी देवी मुख्यमंत्री थीं। उन्होंने कहा कि इसबार 22.34 लाख मृत मतदाताओं, 36.28 लाख प्रवासियों और करीब सात लाख दोहरी प्रविष्टियों की पहचान की गई थी। एक भी व्यक्ति यह दावा करने के लिए आगे नहीं आया।

आयोग पर हमले के लिए राहुल को माफी मांगनी चाहिए : मोहन
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर चुनाव आयोग पर झूठ और भ्रम फैलाने का आरोप लगाते हुए उनसे तुरंत इस्तीफे की मांग की। उन्होंने पत्रकारों से कहा कि एसआईआर पर सवाल उठाने के लिए राहुल गांधी को माफी मांगनी चाहिए। 

राहुल सांविधानिक संस्थाओं को बदनाम कर रहे : फडणवीस
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि वह भले ही संविधान दिखा रहे हैं, लेकिन उनका प्लान कुछ और ही है। सीएम ने कहा, राहुल गांधी का मकसद सभी सांविधानिक संस्थाओं को बदनाम करना और उनके प्रति जनता के मन में अविश्वास पैदा करना है। 

'उफनते समुद्र में तैरना पसंद, उथल-पुथल में भी मिलता है सुकून'
एक तरफ रविवार को जहां भाजपाई मुख्यमंत्री चुनाव आयोग का बचाव कर रहे थे वहीं, दूसरी तरफ कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी ने कहा कि उन्हें उफनते समुद्र में तैरना पसंद है। इससे सीख मिलती है कि उथल-पुथल भी एक तरह का सुकून है। राहुल ने सोशल मीडिया पोस्ट का कोई संदर्भ या विस्तृत जानकारी नहीं दी। राहुल की यह टिप्पणी ऐसे समय आई है, जब विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर चुनाव आयोग पर राजनीतिक बहस तेज है। राहुल पिछले साल से चुनावों में वोट चोरी का मुद्दा उठाते रहे हैं। उन्होंने कहा था कि चुनावों में अनियमितताओं को लेकर उनकी चिंताओं की पुष्टि इस मीडिया रिपोर्ट से होती है। 

ये भी पढ़ें: रिहा किए गए आशुतोष रांका: सीजेपी नेता ने असम पुलिस की कार्रवाई को 'अवैध हिरासत' बताया, जानें और क्या कहा
विज्ञापन


दो अक्तूबर के सीजेपी के प्रदर्शन को सोनम वांगचुक का समर्थन
वहीं, जलवायु कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने रविवार को मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के दो अक्तूबर को प्रस्तावित प्रदर्शन का समर्थन किया है। हालांकि, वह शायद प्रदर्शन में व्यक्तिगत रूप से उपस्थित नहीं रहेंगे। वांगचुक ने कहा कि देश में जवाबदेही तथा चुनावी प्रक्रिया में सुधार के प्रयासों का समर्थन किया जाना चाहिए। अब इस मुद्दे को लेकर कई लोग सामने आ गए हैं। लोकतांत्रिक देश के लिए चुनावी प्रक्रिया सबसे महत्वपूर्ण जरूरतों में से एक है और इसमें सुधार की जरूरत है।

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें