केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। जानकारी के मुताबिक उन्हें एम्स के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती किया गया है। उन्होंने ट्वीट कर कहा, जो लोग गत कुछ दिनों में मेरे संपर्क में आएं हैं, कृपया अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखें।
कोरोना से ठीक होने वालों की दर 68.32 फीसदी हुई
केंद्र, राज्य सरकारों और केंद्र शासित प्रदेशों द्वारा कोविड-19 की रोकथाम, जांच, पृथकवास और उपचार के लिए अपनाए जा रहे केंद्रित व प्रभावी प्रयासों के कारण इस महामारी से ठीक होने वालों की दर और बेहतर होकर 68.32 प्रतिशत पर पहुंच गई है जबकि मृत्युदर गिरकर 2.04 प्रतिशत रह गई है। मंत्रालय ने कहा कि भारत में प्रति 10 लाख की आबादी पर संक्रमण के मामले सबसे कम 1,496 हैं जबकि वैश्विक औसत 2,425 है।
मंत्रालय के मुताबिक, प्रभावी निगरानी और जांच नेटवर्क में सुधार से मामलों के जल्दी पकड़ में आने के परिणामस्वरूप, गंभीर और जटिल मामलों में समय पर लोगों को उपचार मिल सका। मंत्रालय ने कहा कि केंद्र, राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों द्वारा अपनाई गई ‘जांच, निगरानी और उपचार’ की रणनीति के समन्वित क्रियान्वयन से यह सुनिश्चित हो सका कि वैश्विक परिदृश्य के मुकाबले मृत्युदर कम रहे।
मंत्रालय ने कहा, यह लगातार गिर रही है और आज की तारीख में 2.04 प्रतिशत है। कोविड-19 से होने वाली मौत की दर को घटाने के लिए लक्षित प्रयासों की वजह से भारत प्रति 10 लाख आबादी पर मौत के आंकड़े को घटाकर 30 तक ले आया है जबकि वैश्विक औसत प्रति 10 लाख की आबादी पर 91 मौत का है।'
बीते 24 घंटों में 48900 मरीज हुए ठीक
कोविड-19 से ठीक होने वालों की दर में भी तेजी से बढ़ोतरी हुई है। बीते 24 घंटों में 48,900 मरीजों के ठीक होने के साथ ही भारत में कोविड-19 से ठीक हो चुके मरीजों की कुल संख्या 14,27,005 हो गई है। मंत्रालय ने कहा, 'ठीक होने की दर में सतत बढ़ोतरी हो रही है और फिलहाल यह 68.32 प्रतिशत है।'
गृह मंत्री अमित शाह और केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान भी हो चुके हैं कोरोना से संक्रमित
चार अगस्त को केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री धर्मेंद्र प्रधान भी कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे। उन्हें गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इसकी जानकारी उन्होंने खुद ट्विटर के जरिए दी थी। उन्होंने ट्वीट कर कहा था, 'कोरोना के लक्षण दिखने पर मैंने टेस्ट करवाया जिसमें मेरी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। डाक्टरों की सलाह पर मैं अस्पताल में भर्ती हूं और स्वस्थ हूं।'
इससे पहले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे। उन्हें भी मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हालांकि, उनका इलाज अभी चल ही रहा है। उन्होंने भी खुद ट्वीट करके संक्रमित होने की जानकारी दी थी।
गृह मंत्री ने ट्वीट कर कहा था, 'कोरोना के शुरूआती लक्षण दिखने पर मैंने टेस्ट करवाया और रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। मेरी तबीयत ठीक है परन्तु डॉक्टर्स की सलाह पर अस्पताल में भर्ती हो रहा हूं। मेरा अनुरोध है कि आप में से जो भी लोग गत कुछ दिनों में मेरे संपर्क में आएं हैं, कृपया स्वयं को आइसोलेट कर अपनी जांच करवाएं।'