केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने सोमवार को भाजपा पर झारखंड सरकार को अस्थिर करने का आरोप लगाने वाले कांग्रेस नेताओं पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के तीन विधायकों से बड़ी मात्रा में नकदी बरामद की गई है, पार्टी जवाब देने के बजाय अपनी छवि बचाने के लिए भाजपा पर आरोप लगा रही है।
बंगाल में तीन विधायकों से नकदी जब्त होने के बाद झारखंड के बेरमो से कांग्रेस विधायक कुमार जयमंगल ने रविवार को आरोप लगाया था कि भाजपा राज्य सरकार को अस्थिर करने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि झारखंड सरकार को अस्थिर करने में असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा की अहम भूमिका है। इस पर मुंडा ने कहा कि इस तरह की घटनाओं से कांग्रेस का पर्दाफाश हो रहा है।
जयमंगल ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के तीनों विधायकों को असम के सीएम हिमंता बिस्वा सरमा से मिलने गुवाहाटी जाने के लिए कोलकाता बुलाया गया था। जयमंगल ने दावा किया कि आदिवासी बहुल राज्य में झारखंड मुक्ति मोर्चा-कांग्रेस-राष्ट्रीय जनता दल के गठबंधन की सरकार को गिराने के लिए भाजपा ने पार्टी विधायकों को दस करोड़ रुपये एवं आगे बनने वाली भाजपा सरकार में मंत्री पद का लालच दिया था। जयमंगल ने गिरफ्तार किए गए अपने तीनों विधायकों के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
जयमंगल के आरोप पर प्रतिक्रिया देते हुए अर्जुन मुंडा ने कहा, "इन आरोपों का कोई मतलब नहीं है। वह सिर्फ अपने आप को बचाने की कोशिश कर रहे हैं। कांग्रेस का असली रूप सामने आया है और देश के सामने अपनी छवि बचाने के लिए वे इस तरह के आरोप लगा रहे हैं। जनता अब जान चुकी है कि इतने सालों में कांग्रेस ने किस तरह की राजनीति की।"
सत्ता में नहीं रहने पर भाजपा ‘पानी से बाहर हुई मछली की तरह’ हो जाती है : हेमंत सोरेन
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोमवार को भाजपा पर उनकी लोकतांत्रिक रूप से चुनी गई सरकार को अस्थिर करने की कोशिश करने का आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी सत्ता में नहीं होने पर ‘‘पानी से बाहर हुई मछली’’ की तरह हो जाती है। सोरेन की टिप्पणी ऐसे वक्त आई है जब राज्य के तीन कांग्रेस विधायकों- इरफान अंसारी, राजेश कच्छप और नमन बिक्सल कोंगारी को एक एसयूवी से भारी मात्रा में नकदी मिलने के मद्देनजर पश्चिम बंगाल पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए जाने के बाद अपराध जांच विभाग (सीआईडी) की 10 दिनों की हिरासत में भेज दिया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘भाजपा की हालत ऐसी है कि जहां कहीं पार्टी सत्ता में नहीं है वहां पानी से बाहर हुई मछली की तरह है... वह गंदी राजनीति करती है। गैर भाजपा शासित राज्यों का उदाहरण आपके सामने है।’’ सोरेन ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘हमारी सरकार को गिराने के प्रयास नए नहीं हैं। भाजपा झारखंड में सत्ता से बाहर होने के बाद से इस तरह के प्रयास कर रही है। हम हर दूसरे दिन इसके बारे में सुनते हैं। इन विधायकों के नवीनतम प्रयास सभी के सामने हैं।’’
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा एक ‘‘नयी राजनीतिक परिभाषा’’ बनाने की कोशिश कर रही है और भाजपा की ‘‘राजनीतिक महत्वाकांक्षा बहुत अधिक है।’’ मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘हमारे देश में लोकतंत्र पर हमला हो रहा है लेकिन हम उनके कृत्यों से भयभीत नहीं हैं। हम जानते हैं कि वे किस स्तर तक गिर सकते हैं। जनता भाजपा को करारा जवाब देगी।’’