सुप्रीम कोर्ट के कॉलेजियम ने चार हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस की नियुक्ति को मंजूरी दे दी। सोमवार को कॉलेजियम ने दिल्ली, हिमाचल प्रदेश, तेलंगाना और मध्य प्रदेश हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस के लिए नामों की सिफारिश की।
चीफ जस्टिस रंजन गोगोई, जस्टिस एसए बोबडे और जस्टिस एनवी रमण की सदस्यता वाली कॉलेजियम ने झारखंड हाईकोर्ट के जज जस्टिस डीएन पटेल को दिल्ली हाईकोर्ट का चीफ जस्टिस नियुक्त करने की सिफारिश की है।
दिल्ली हाईकोर्ट के वर्तमान चीफ जस्टिस राजेंद्र मेनन अगले महीने सेवानिवृत्त हो रहे हैं। वहीं मद्रास हाईकोर्ट के वरिष्ठतम जज वी रामासुब्रह्णयम को हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट का चीफ जस्टिस नियुक्त करने की सिफारिश की है।
जस्टिस एए कुरैशी को मध्य प्रदेश हाईकोर्ट और जस्टिस आरएस चौहान को तेलंगाना हाईकोर्ट का चीफ जस्टिस नियुक्त करने की सिफारिश की है। इसके अलावा कोलेजियम ने दो वकील विशाल धागत और विशाल मिश्रा को मध्य प्रदेश हाईकोर्ट में जज नियुक्त करने की सिफारिश की है।