कैबिनेट ने कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी देते हुए आंध्र प्रदेश, पश्चिम बंगाल और महाराष्ट्र में खुलने वाले नए AIIMS के लिए तीन नए डायरेक्टर्स की पोस्ट के लिए भी मंजूरी दी है।
मणिपुर में एनएच 39 की 65 किलोमीटर सड़क को चौड़ा करने का आदेश दिया है। कैबिनेट ने यह मंजूरी इंफाल-मोरेह सेक्शन के लिए दी है। वहीं महाराष्ट्र- कर्नाटक के एनएच 52 पर फोर लेन प्रस्ताव के लिए भी मंजूरी दी गई है। यह प्रस्ताव सोलापुर-बीजापुर सेक्शन के लिए पारित किया गया है।
वहीं केंद्रीय पुलिस बल और असम रायफल्स के मेडिकल अधिकारियों की अधिकतम उम्र को बढ़ाने के लिए भी मंजूरी दी गई है। कैबिनेट ने निवेश और प्रोत्साहन के लिए भारत और बांग्लादेश के बीच समझौते पर व्याख्यात्मक नोटों को मंजूरी दी है। इससे भारत-बांग्लादेश के संबंधों पर सकारात्मक असर पड़ेगा।
स्वास्थ्य और चिकित्सा में सहयोग पर कैबिनेट ने भारत और फिलिस्तीन के बीच समझौता ज्ञापन को मंजूरी दी है। कैबिनेट ने स्वास्थ्य में सहयोग पर भारत और जर्मनी के बीच संयुक्त घोषणा को हस्ताक्षर करने को मंजूरी दी है वहीं सूचना प्रौद्योगिकी और इलेक्ट्रॉनिक्स में सहयोग पर भारत और फिलिस्तीन के बीच मंत्रिपरिषद ने सहमति व्यक्त की।