उद्योगपति मुकेश अंबानी के घर एंटीलिया के बाहर कार में विस्फोटक मिलने के मामले में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने महंगी बाइक जब्त की है। यह स्पोर्ट्स बाइक मामले में गिरफ्तार सचिन वाजे की महिला मित्र के नाम पर रजिस्टर है।
सूत्रों के मुताबिक, एनआईए ने बेलेनी कंपनी की यह बाइक दमन से बरामद की है, जिसकी कीमत 7.16 लाख रुपये के आसपास है। एनआईए की टीम बाइक को टेंपो से दक्षिण मुंबई स्थित कार्यालय लेकर पहुंची।
जांच एजेंसी ने बृहस्पतिवार को वाजे की महिला सहयोगी के मीरा रोड स्थित फ्लैट की तलाशी ली थी। वाजे को मामले में पिछले महीने की 13 मार्च को गिरफ्तार किया गया था। एंटीलिया विस्फोटक प्रकरण के साथ ही एनआईए ठाणे के कारोबारी मनसुख हिरेन की मौत के मामले की भी जांच कर रही है।