सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) ने गुजरात के कच्छ जिले में सर क्रीक के पास वृहस्पतिवार को एक और पाकिस्तानी नाव बरामद की है। अधिकारियों ने कहा कि इससे पिछले तीन दिन में बरामद हुए पाकिस्तानी नावों की संख्या बढ़कर चार हो गई हैं।
बीएसएफ के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, बीएसएफ ने क्रीक इलाके में वृहस्पतिवार को भारतीय सीमा में एक और नाव बरामद की है। नाव में सवार लोग पकड़े जाने से पहले सीमा पार भागने में सफल रहे। यह पिछले तीन दिनों में बीएसएफ जवानों द्वारा चौथी नाव बरामदगी है। मंगलवार को सर क्रीक में एक पाकिस्तानी नाव मिलने के बाद बीएसएफ ने इलाके में सघन छानबीन की शुरुआत की थी।
बुधवार को इसी इलाके में दो और नाव मिले थे। अधिकारियों ने कहा कि पाकिस्तानी मछुआरे बीएसएफ द्वारा पीछा किए जाने के बाद नाव छोड़ कर भाग गए थे। उन्होंने कहा कि इनमें कुछ भी संदिग्ध नहीं पाया गया है।