पुलिस ने अदालत को बताया है कि गिरफ्तार प्रतिबंधित सीपीआई (माओइस्ट) के पांच सदस्यों में से एक के घर से एक खत मिला है। उसमें ये चरमपंथी ‘राजीव गांधी जैसी एक और हत्या’ की वारदात को अंजाम देने पर विचार कर रहे हैं।
अभियोजन पक्ष के वकील उज्ज्वला पवार ने अदालत को बताया कि दिल्ली स्थित रोना विल्सन के घर से बरामद पत्र में एम-4 राइफल और कारतूस खरीदने के लिए 8 करोड़ रुपये की जरूरत बताई गई है। साथ ही बड़ी हत्या को अंजाम देने की चर्चा की गई है।
पुलिस ने बुधवार को दलित कार्यकर्ता सुधीर धावले, वकील सुरेंद्र गाडलिंग, कार्यकर्ताओं महेश राउत, शोमा सेन और रोना विल्सन को मुंबई, नागपुर और दिल्ली से गिरफ्तार किया था। इन्हें ‘यलगार परिषद’ के कार्यक्रम और उसके बाद भीमा-कोरेगांव हिंसा के मामले में पकड़ा गया है। सभी को बृहस्पतिवार को सत्र न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें 14 जून तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।