आतंकी ठिकानों पर भारत के हवाई हमलों से बौखलाया पाकिस्तान झूठ पर झूठ बोल रहा है। बुधवार को उसने भारतीय सैन्य प्रतिष्ठानों को निशाना बनाने की नाकाम कोशिश की थी। अब उसके एक और झूठ से पर्दा उठ गया है। उसका कहना था कि भारतीय वायुसेना ने जवाबी कार्रवाई में उसके किसी भी विमान को नहीं मार गिराया है। हालांकि आज उस विमान के मलबे की तस्वीर सामने आई है जिसे कि कल वायुसेना ने मार गिराया था।
पाकिस्तानी विमान एफ16 की इस तस्वीर को समाचार एजेंसी एएनआई ने जारी किया है। इस तस्वीर में विमान के मलबे के पास पाकिस्तान के 7 नॉदर्न इनफैंट्री के अधिकारी खड़े हुए नजर आ रहे हैं। भारतीय वायुसेना के कई सूत्रों ने इस बात की पुष्टि की है कि यह मलबा उसी पाकिस्तानी विमान का है जिसे कल वायुसेना ने मार गिराया था। विमान का मलबा पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (पीओके) में गिरा हुआ मिला है।
पाकिस्तान न केवल अपने किसी विमान को गिराए जाने से इनकार कर रहा है बल्कि उसकी सेना के प्रवक्ता का यहां तक कहना है कि बुधवार को उनकी तरफ से एफ16 का इस्तेमाल ही नहीं हुआ। तस्वीर से पाकिस्तान के झूठ की पोल खुल गई है। एएनआई ने एफ16 विमान के इंजन की एक तस्वीर भी जारी की है जो मलबे में नजर आ रही तस्वीर की तरह है।
पाकिस्तान के बालाकोट में स्थित जैश-ए-मोहम्मद के आतंकी संगठनों पर भारतीय वायुसेना के हमले के बाद से ही पाकिस्तानी मीडिया अफने प्रधानमंत्री इमरान खान की तरह झूठ बोल रही है। पाकिस्तानी मीडिया ने एफ16 के मलबे को भारतीय मिग21 लड़ाकू विमान का मलबा बताया था। बता दें कि बुधवार को पाकिस्तानी विमान ने भारतीय सैन्य प्रतिष्ठानों को निशाना बनाने की कोशिश की थी। जिसे कि वायुसेना ने नाकाम कर दिया था।