ओडिशा के सुंदरगढ़ जिले में एक और छात्रा द्वारा आत्मदाह की कोशिश करने का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, स्नातक की इस छात्रा ने कथित रूप से खुद को आग लगा ली, जिससे वह लगभग 90 प्रतिशत तक जल गई। यह राज्य में पिछले छह महीनों में इस तरह की पांचवीं घटना है।
घटना शुक्रवार रात लांजीबेर्ना क्षेत्र में हुई, जब छात्रा के परिजन सो रहे थे। दूसरी वर्ष की यह छात्रा पहले स्थानीय अस्पताल ले जाई गई और बाद में राउरकेला के इस्पात जनरल अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने उसकी स्थिति को अत्यंत गंभीर बताया है।
सुंदरगढ़ की पुलिस अधीक्षक अमृतपाल कौर ने बताया कि इस मामले में 25 वर्षीय एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। प्रारंभिक जांच से पता चला है कि वह व्यक्ति छात्रा को परेशान कर रहा था। पीड़िता की मां ने कहा कि घटना से पहले उनकी बेटी को किसी अज्ञात व्यक्ति से धमकी भरा फोन आया था।
उन्होंने बताया, हम रात में सो रहे थे और वह पढ़ाई कर रही थी। अचानक उसकी चीख सुनकर हम जागे और उसे तुरंत अस्पताल ले गए। उसे धमकी भरा फोन आया था जिसके बाद उसने आत्मदाह का प्रयास किया। इस घटना ने राज्य में पिछले महीनों में हुई आत्मदाह संबंधी घटनाओं की कड़ी को और गंभीर बना दिया है।
- 14 जुलाई को बालासोर की एक छात्रा ने यौन उत्पीड़न के आरोपों के चलते आत्मदाह किया था और बाद में एम्स भुवनेश्वर में उसकी मौत हो गई थी। इस मामले में प्रोफेसर और प्राचार्य सहित चार लोगों को गिरफ्तार किया गया था।
- 19 जुलाई को पुरी जिले की एक नाबालिग लड़की ने खुद को आग लगा ली थी और 2 अगस्त को एम्स दिल्ली में उसकी मौत हो गई। पुलिस अभी भी कारण का पता लगा रही है।
- केंद्रपाड़ा जिले में 20 वर्ष की एक छात्रा ने 6 अगस्त को कथित तौर पर ब्लैकमेलिंग के चलते आत्मदाह किया था। लड़की की मौत हो गई थी।
- 11 अगस्त को बरगढ़ जिले में 13 साल की एक बच्ची का आत्मदाह के बाद मौत हो गई थी।