लॉकडाउन के दौरान सभी अपने घरों में बंद हैं, लेकिन पुलिस के जवान लोगों की सुरक्षा के लिए मुस्तैद हैं। हर तरफ फैली खतरनाक महामारी के बीच तपती धूप में पुलिसवालों को तैनात देखकर आंध्र प्रदेश के पूर्वी गोदावरी जिले में एक निजी स्कूल में आया का काम करने वाली लोकमनी का दिल भर आया।
उन्होंने धूप में ड्यूटी करते पुलिसवालों के लिए कोल्ड-ड्रिंक की दो बोतलें खरीदीं और उन्हें देने लगीं। जब पुलिसवालों ने उनसे पूछा कि वो क्या काम करती हैं और कितना वेतन मिलता है। तो लोकमनी का जवाब सुनकर सभी हैरान रह गए।
पुलिसवालों ने उनका शुक्रिया अदा करते हुए उनके बच्चों के लिए दो और कोल्ड-ड्रिंक की बोतलें खरीद कर दीं। लोकमनी हर महीने करीब तीन हजार रुपये कमाती हैं, लेकिन उन्होंने पैसों की परवाह किए बिना ही मदद के लिए हाथ बढ़ाए। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है।
जब इस वीडियों को आंध्र के डीजीपी गौतम सवांग ने देखा तो उन्होंने तुरंत लोकमनी का पता लगवाया। सवांग ने वीडियो कॉल से उनसे बात की और उनको इस दरियादिली के लिए धन्यवाद दिया। डीजीपी ने उनसे कहा कि जिस तरह पुलिस के प्रति आपने ममता दिखाई है, वह दिल छू लेने वाली है। डीजीपी ने महिला को सैल्यूट भी किया और वहां मौजूद सभी पुलिस अधिकारियों ने तालियां बजाकर लोकमनी के प्रति आभार जताया।