आंध्र प्रदेश में छिपकली भगाने के चक्कर में दूसरी मंजिल से गिरकर पुलिस अधिकारी की हुई मौत
- फोटो : सोशल मीडिया
आंध्र प्रदेश के गुंटूर जिले में एक छिपकली पुलिस अधिकारी की मौत का कारण बन गई। यह अनहोनी रविवार रात साढ़े सात बजे घटित हुई। दरअसल, पुलिस अधिकारी छिपकली को भगा रहे थे और अचानक ही बालकनी से नीचे जा गिरे। यह पूरा हादसा घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया।
पोस्टिंग के इंतजार में थे पुलिस अधिकारी राव
मृतक पुलिस अधिकारी की पहचान सर्किल अधिकारी शेषा राव के तौर पर की गई है। वह अपनी पोस्टिंग का इंतजार कर रहे थे। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर एक पुलिस वाले ने बताया कि राव शाम के समय जब अपने कमरे से पत्नी संग बाहर निकले तब बालकनी की छत पर उन्हें एक छिपकली दिखाई पड़ी।
ऐसे में उसे भगाने के लिए राव ने एक झाड़ू अपने हाथ में ले लिया और उसी की मदद से छिपकली को अपनी छत से हटाने की कोशिश करने लगे। पुलिस वाले ने बताया कि इसी बीच राव का संतुलन बिगड़ गया और वह दूसरी मंजिल से सीधे नीचे जा गिरे।
संतुलन बिगड़ने पर बालकनी से गिरे नीचे
सीसीटीवी फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि शेषा राव झाड़ू उठाकर छिपकली को भगाने के लिए सीढ़ियों की तरफ जाते हैं, इसी दौरान संतुलन बिगड़ने पर वह बालकनी से नीचे गिर जाते हैं। इस हादसे में राव को गंभीर चोटें आईं, जिसके तुरंत बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन उन्हें लाख कोशिशों के बावजूद डाक्टर बचा नहीं सके। राव ने सोमवार को अस्पताल में आखिरी सांस ली।
वहीं, पुलिस अधिकारी ने बताया कि राव की मौत के बाद से ही उनका परिवार काफी सकते में है। उनके घर में मातम मचा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इधर, पट्टाभिपुरम पुलिस ने सीआरपीसी की धारा 174 के तहत केस दर्ज कर लिया है और मामले में आगे की जांच जारी है।