आंध्र प्रदेश हाईकोर्ट के जज जल्द ही लग्जरी लिमोजीन कार के बेड़े से चलेंगे। राज्य सरकार ने 6.30 करोड़ रुपये की 20 किया कार्निवल प्रीमियम कारें खरीदने को मंजूरी दे दी है। प्रत्येक कार की कीमत 31.50 लाख रुपये है।
हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार ने वाहन खरीद के लिए मंजूरी और अतिरिक्त बजट आवंटन करने के अनुरोध के कुछ घंटे भीतर ही राज्य सरकार ने इसकी मंजूरी दी। आंध्र प्रदेश हाईकोर्ट में चीफ जस्टिस और रजिस्ट्रार जनरल को मिलाकर 19 जज हैं।
सूत्रों के मुताबिक, गंभीर वित्तीय संकट के बावजूद राज्य सरकार ने हाईकोर्ट के मामले में छूट देने और जजों को सुविधा देने का फैसला किया। यह फाइल सीधे मुख्यमंत्री के कार्यालय से मंजूर की गई।
शीर्ष नौकरशाह ने बताया, वित्तीय संकट के चलते नये वाहन खरीदने पर फिलहाल रोक लगी हुई है। इतना ही नहीं महीनों से कोविड-19 प्रबंधन में करोड़ों रुपये का भुगतान नहीं किया गया है।