आवास और शहरी विकास मंत्रालय की ओर से सोमवार को जारी इज ऑफ लिविंग इंडेक्स के तहत आंध्र प्रदेश सुविधाजनक और सरल जीवन-यापन के लिहाज से देश का सबसे अच्छा राज्य है। अटल शहरी पुनर्जीवन और परिवर्तन मिशन (अमरुत) के तहत जारी इस सूचकांक में ओडिशा दूसरे और मध्य प्रदेश तीसरे नंबर पर है।
आवास और शहरी विकास मंत्री हरदीप पुरी (स्वतंत्र प्रभार) ने कहा कि पिछले महीने जारी किए गए 111 शहरों के सूचकांक के आधार पर इन तीन राज्यों का चयन किया गया है। उन्होंने कहा कि सुविधाजनक तरीके से जीवन-यापन संबंधी बुनियादी सुविधाएं बेहतर करने लिए सभी राज्यों के बीच स्वस्थ प्रतिस्पर्धा शुरू करने के लिए मंत्रालय ने शहरों का सूचकांक जारी करने की पहल की है। इसका मकसद सभी शहरों में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप नागरिक सुविधाएं बहाल करना है।
बता दें कि इस सूचकांक में आंध्र प्रदेश के पांच शहर शामिल हैं। इसके अलावा ओडिशा के दो शहर और मध्य प्रदेश के सात शहरों को इस सूचकांक में शामिल किया गया है।
अन्य राज्यों को भी मिलेगी प्रेरणा
हरदीप पुरी ने कहा कि यह सूचकांक स्थायी शहरीकरण की दिशा में आगे बढ़ रहे देश के लक्ष्य को प्रदर्शित करता है। उन्होंने कहा कि यह अन्य राज्यों और शहरों को इस दिशा में आगे बढ़ने के लिए भी प्रेरित करेगा। राज्य और शहर जीवन-यापन संबंधी बुनियादी सुविधाएं बेहतर करने की दिशा में सुझाव देने के साथ भविष्य के लिए प्रेरणा भी ले सकते हैं।
24 लाख घरों को मुहैया कराया गया पीने का पानी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जून, 2015 में अटल शहरी पुनर्जीवन और परिवर्तन मिशन लांच किया था। इसका उद्देश्य लोगों को सीवेज, पानी की आपूर्ति और अन्य बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना है, ताकि शहरी नागरिकों के जीवन की गुणवत्ता में वृद्धि हो सके। अमरुत के जरिये पिछले महीने तक देशभर में 24 लाख घरों में पीने के पानी की सुविधा मुहैया कराई जा चुकी है।
इनपुट: एजेंसी