आंध्र प्रदेश के कर्नूल जिले के मंत्रालयम में एक बड़ा हादसा हो गया। यहां तुंगभद्रा नदी में डूब रही एक नाबालिग लड़की को बचाने के प्रयास में पांच लोगों की डूबने से मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी है। पुलिस ने बताया, शनिवार शाम करीब 4:30 बजे लड़की नदी में अपने पैर धो रही थी, तभी उसका संतुलन बिगड़ गया और वह तेज बहाव में बहने लगी।
पुलिस अधिकारी ने बताया, 'लड़की को बचाने के लिए नदी में कूदे पांच लोग डूब गए, हालांकि लड़की को सुरक्षित बचा लिया गया।' पुलिस के मुताबिक, मृतक आसपास के गांवों के निवासी थे। अधिकारी ने कहा कि स्थानीय पुलिस ने राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) की टीमों की मदद से शवों की तलाश और उन्हें बाहर निकालने के लिए खोज अभियान शुरू कर दिया है।