आंध्र : चंद्रबाबू को आज चुना जाएगा विधायक दल का नेता
तेलुगु देशम पार्टी (टीडीपी) विधायक दल की बैठक 11 जून को होगी, जिसमें एन चंद्रबाबू नायडू को नेता चुना जाएगा। पार्टी प्रवक्ता ज्योत्सना तिरुनागरी ने बताया कि मंगलवार को विधायक दल की बैठक में नायडू को नेता चुना जाएगा।
नेता चुने जाने के बाद टीडीपी, भाजपा और जनसेना गठबंधन के नेता राज्यपाल एस अब्दुल नजीर से मिलेंगे और सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे। तिरुनागरी के मुताबिक, बुधवार को नायडू के साथ और भी नेता शपथ ले सकते हैं। नायडू के साथ शपथ लेने वाले नेताओं के नाम मंगलवार रात तय हो सकते हैं।
ओडिशा में भाजपा विधायक दल आज चुनेगा अपना नेता
ओडिशा में नए मुख्यमंत्री के चयन के लिए भाजपा ने वरिष्ठ नेताओं राजनाथ सिंह और भूपेंद्र यादव को पर्यवेक्षक नियुक्त किया है। भाजपा के ओडिशा प्रभारी विजय पाल सिंह तोमर के मुताबिक, पर्यवेक्षकों की निगरानी में विधायक दल की बैठक मंगलवार को होगी और इसमें ही नेता चुना जाएगा।
नई सरकार 12 जून को शपथ ग्रहण करेगी। भाजपा ने 147 सदस्यीय ओडिशा विधानसभा में 78 सीटों के साथ बहुमत हासिल किया है। मोदी सरकार में शामिल होने के बाद वरिष्ठ नेता धर्मेंद्र प्रधान के सीएम की कुर्सी संभालने की संभावना लगभग खत्म हो गई है।
ऐसे हैं ओडिशा विधानसभा चुनाव के नतीजे
विधानसभा चुनावों में इस बार भाजपा ने कमाल कर दिया और चुनाव में बंपर जीत हासिल की। पार्टी ने राज्य की 78 सीटों पर जीत दर्ज की। वहीं सत्तारूढ़ दल बीजद ने 51 सीटों पर जीत हासिल की। इसके अलावा, कांग्रेस मात्र 14 सीटों पर ही जीत दर्ज कर सकी। इसके अलावा, अन्य दल और निर्दलीय चार सीटों पर विजयी रहे।