आंध्र प्रदेश को विशेष राज्य का दर्जा देने का मामला गरमाता हुआ नजर आ रहा है। एक तरफ तेलुगु देशम पार्टी के सांसदों ने कैबिनेट से इस्तीफा देने का ऐलान किया है। तो वहीं दूसरी तरफ बीजेपी के नेता, आंध्र प्रदेश की नायडू सरकार के मंत्रीपद से इस्तीफा दे दिया है। गुरुवार सुबह बीजेपी के दो मंत्री अमरावती स्थित सीएम दफ्तर पहुंचे और मंत्रीपद से अपना इस्तीफा सौंपा।
गौर हो कि बजट 2018-19 के पेश होने के बाद से आंध्र प्रदेश को विशेष राज्य देने की मांग में तेजी आ गई। तेलगु देशम पार्टी के सांसदों ने सदन में अपनी मांग भी रखी। बात नहीं बनने पर टीडीपी और बीजेपी के रास्ते अलग हो चुके हैं। दोनों पार्टियों के बीच रस्साकशी अब निर्णायक मोड़ पर पहुंच चुकी है।
बीजेपी नेताओं के मंत्री पद से इस्तीफे से पहले टीडीपी सांसद वाईएस चौधरी ने कहा कि केंद्र की अनदेखी के चलते हमें यह फैसला लेना पड़ रहा है। हालांकि टीडीपी ने एनडीए गठबंधन से अलग होने की बात नहीं कही है लेकिन अब सिर्फ औपचारिक ऐलान ही बाकी है। दोनों ही पार्टियों के तेवर से साफ हो गया है कि अब वह साथ नहीं है।