आंध्रप्रदेश में विजयवाड़ा के बाहरी इलाके में स्थित एक गौशाला में कथित खाद्य विषाक्तता की वजह से कम से कम 98 गायों और बछड़ों की मौत हो गई है। पशुपालन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि गायों और बछड़ों की मौत का कारण जानने के लिए उनका पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। बीमार हुई कुछ अन्य गायों का इलाज किया जा रहा है।
कृष्णा के जिलाधिकारी एम इम्तियाज और विजयवाड़ा की उपजिलाधिकारी मिशा सिंह ने कोट्टुरू-ताडेपल्ली गांव स्थित निजी गौशाला का दौरा किया और उसके संचालकों से बातचीत की। यह गौशाला संरक्षण संगठन के तहत चल रही है। जिलाधिकारी ने पाया कि गौशाला में उसकी क्षमता से अधिक गायें हैं।
उन्होंने पशुपालन विभाग के अधिकारियों से इस घटना की गंभीरता से विस्तृत जांच कर रिपोर्ट सौंपने को कहा है। शक है कि शुक्रवार की आधी रात के बाद गायों को जो चारा दिया गया उसमें कोई रासायनिक पदार्थ था। पुलिस भी इस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ‘हम पोस्टमार्टम के बाद सटीक वजह तय कर पायेंगे। हम विभिन्न पहलुओं से इस मामले की जांच कर रहे हैं।’ गौशाला में करीब 1400 गायें और बछड़े हैं जिन्हें विभिन्न स्थानों से मुक्त कराकर यहां शरण दी गई है।