आंध्र प्रदेश में हैरान करने वाली एक घटना सामने आई है। यहां नाबालिग लड़का-लड़की ने क्लासरूम में ही शादी कर ली, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस घटना के सामने आते ही स्कूल ने दोनों छात्रों को निकाल दिया। दरअसल, यह मामला पूर्वी गोदावरी जिले के राजामहेंद्रवरम में स्थित कॉलेज का है। स्कूल में 17 साल का एक लड़का सिंदूर और मंगलसूत्र लेकर आया था और उसने क्लासरूम में लड़की से शादी कर ली। इस घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
शादी का वीडियो हुआ वायरल
पुलिस को इस घटना के बारे में तब पता चला जब दोनों नाबालिगों की शादी का वीडियो सामने आया। स्कूल के क्सासरूम में हुई शादी का वीडियो पुलिस ने देखा तो वह हैरान हो गए। बताया जा रहा है कि शादी का वीडियो क्लास में दूसरे छात्र ने बनाया था।
वीडियो में नजर आया यह सब
वायरल हुए वीडियो में एक लड़का मंगलसूत्र लेकर आता दिखाई दे रहा है। वह क्लास में ही लड़की को मंगलसूत्र पहनाता है और उसकी मांग में सिंदूर भरता है। इसके बाद दोनों फोटो क्लिक करते हैं। इस पूरी घटना का वीडियो छात्रों ने अपने दोस्तों में शेयर किया था।
पुलिस ने दर्ज की शिकायत
इस मामले में पुलिस ने चाइल्ड मैरिज एक्ट 2006 के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस उस व्यक्ति को ढूंढ रही है, जिसने छात्र और छात्रा की शादी कराई। अधिकारियों का कहना है कि यह शादी कानूनी रूप से वैध नहीं है। वहीं, पुलिस ने लड़के-लड़कियों की काउंसिलिंग भी कराई।
लड़की को रहने की जगह देगा महिला आयोग
रिपोर्ट के मुताबिक, दोनों इंटरमीडिएट के छात्र हैं और क्लासमेट हैं। आंध्रप्रदेश के महिला आयोग ने लड़की को रहने के लिए जगह देने का फैसला किया है। आयोग की चेयरपर्सन वसी रेड्डी पद्मा ने कहा है कि लड़की के घरवालों ने उसे घर आने की अनुमति नहीं दी है। इसके चलते लड़की को वन स्टॉप सेंटर में काउंसिलिंग के लिए भेजा जाएगा।