आंध्र प्रदेश के तम्बालापल्ले निर्वाचन क्षेत्र में हाल ही में हुई झड़पों के सिलसिले में अन्नामय्या जिले के मुदिविदु पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज की गई है। इसमें पूर्व मुख्यमंत्री और तेलुगू देशम पार्टी (टीडीपी) प्रमुख एन चंद्रबाबू नायडू सहित 15 लोगों का नाम शामिल है।
आंध्र प्रदेश पुलिस ने सत्तारूढ़ युवजन श्रमिक रायथू कांग्रेस पार्टी (वाईएसआरसीपी) कार्यकर्ताओं के एक समूह पर हमले के लिए तेलुगु देशम पार्टी (टीडीपी) कार्यकर्ताओं को कथित रूप से उकसाने के लिए पार्टी प्रमुख एन. चंद्रबाबू नायडू को आरोपी नंबर एक (ए1) नामित करते हुए एक मामला दर्ज किया है। वाईएसआरसीपी समर्थक हाल में उन्हें एक प्रतिवेदन देने आए थे। उमापति रेड्डी द्वारा दी गई शिकायत के आधार पर अन्नमय्या जिले के मुदिवेदु थाने में मंगलवार देर रात को मामला दर्ज किया गया। प्राथमिकी में देविनेनी उमा, अमरनाथ रेड्डी, रामभोपाल रेड्डी जैसे एक दर्जन से ज्यादा अन्य तेदेपा नेताओं को आरोपी बनाया गया है।
विज्ञापन
अन्नमय्या जिले के पुलिस अधीक्षक आर. गंगाधर राव ने बताया, नायडू ने भड़काऊ भाषण देकर अपने कार्यकर्ताओं को उकसाया और हमले के लिए बढ़ावा दिया। राव ने बताया कि भारतीय दंड संहिता की धारा 120बी, 147, 153, 307, 115, 109, 323, 324 और 506, के साथ 149 के तहत मामला दर्ज किया है। पुंगनूर में चार अगस्त को हुई घटना में 50 से ज्यादा पुलिसकर्मी घायल हुए थे, जिसमें से एक सिपाही की एक आंख खराब हो गई और सत्तारूढ़ व विपक्षी दलों के कई कार्यकर्ताओं को चोटें आईं थीं। पुलिस ने बताया कि नायडू ने वाईएसआरसीपी कार्यकर्ताओं पर हमले के लिए अपने समर्थकों को बढ़ावा दिया था।