विजयवाड़ा के कई इलाकों से पानी निकलने लगा है। मुख्यमंत्री ने बाढ़ राहत कार्यों की समीक्षा करने और बारिश की स्थिति का जायजा लेने के लिए अधिकारियों से टेलीकॉन्फ्रेंस की। सीएम ने कहा कि शाम तक विजयवाड़ा के सभी इलाकों से जलभराव खत्म हो जाएगा।
बाढ़ से जूझ रहे आंध्र प्रदेश को अब राहत मिल रही है। सीएम चंद्रबाबू नायडू ने कहा कि बुदामेरू नदी में पानी की रफ्तार कम हो गई है। साथ ही विजयवाड़ा के कई इलाकों से पानी निकलने लगा है। मुख्यमंत्री ने बाढ़ राहत कार्यों की समीक्षा करने और बारिश की स्थिति का जायजा लेने के लिए अधिकारियों से टेलीकॉन्फ्रेंस की। सीएम ने कहा कि शाम तक विजयवाड़ा के सभी इलाकों से जलभराव खत्म हो जाएगा।
विज्ञापन
सीएम ने अधिकारियों को बाढ़ राहत के लिए ड्रोन का उपयोग करने के निर्देश दिए। सीएम ने कहा कि ड्रोन का उपयोग जल निकायों और प्रवाह के किनारों की निगरानी के लिए भी किया जाना चाहिए। विजयवाड़ा में कुछ घरों को छोड़कर बिजली बहाल कर दी गई है। सीएम ने दूरसंचार सिग्नलों की बहाली के साथ ही चिकित्सा शिविर जारी रखने के निर्देश दिए। सीएम नायडू ने श्रीकाकुलम, विजयनगरम, विशाखापत्तनम, काकीनाडा, एलुरु और पूर्वी गोदावरी के कलेक्टरों से बात की। इन जिलों में अभी भी बारिश हो रही है।
सीएम ने कहा कि अन्य जल निकायों के अलावा एर्रा कलुवा नहर उफान पर है। यहां ड्रोन का उपयोग किया जाना चाहिए। अजीत सिंह नगर के एक युवक ने बताया कि कई इलाकों से बाढ़ का पानी कम हुआ है। वहीं मौसम विभाग का कहना है कि राज्य के कुछ हिस्सों में सोमवार और मंगलवार को भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है।
विज्ञापन
आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा के कई हिस्सों में हुई बारिश और बाढ़ से अब तक 20 लोगों की मौत हो चुकी है। बाढ़ और बारिश के चलते राज्य में 3312 किमी सड़कें क्षतिग्रस्त हो गईं। जबकि 1.69 लाख हेक्टेयर में कृषि फसलें क्षतिग्रस्त हो गईं और 18,424 हेक्टेयर में बागवानी फसलें क्षतिग्रस्त हो गईं। इसके साथ ही बाढ़ प्रभावित लोगों की कुल संख्या बढ़कर 6.44 लाख हो गई और 42,707 लोगों को 193 राहत शिविरों में रखा गया है।