महिंद्रा ग्रुप के चेयरमैन आनंद महिंद्रा ने उन्नाव और
कठुआ गैंगरेप मामले को लेकर ट्विटर पर गुस्सा जाहिर किया है। उन्होंने लिखा, जल्लाद की नौकरी ऐसी नहीं है जिसे कोई करना चाहता हो लेकिन अगर रेप करने वालों को मारने की सजा मिले तो मैं जल्लाद की नौकरी खुशी-खुशी करूंगा। उन्होंने कहा कि वह खुद को शांत रखने की कोशिश करते हैं लेकिन जब देश में इस तरह की घटनाएं देखते हैं तो उनका खून खौलता है।
आपको बता दें कि रविवार को भी उन्नाव और कठुआ गैंगरेप मामले में दिल्ली के जंतर मंतर पर भी छात्रों ने प्रदर्शन किया था। प्रदर्शन में सैकड़ों लोग रेप पीड़िता के परिवार को न्याय दिलाने और आरोपियों को सख्त सजा की मांग कर रहे थे। प्रदर्शन में
जेएनयू, एएमयू और बाकी कॉलेजों के छात्र शामिल थे।
गौरतलब है कि कठुआ में आठ साल की बच्ची के साथ गैंगरेप और हत्या की घटना ने पूरे देश में आक्रोश पैदा कर दिया है। उन्नाव में भी गैंगरेप की घटना से जनता गुस्से में है और लगातार प्रदर्शन कर रही है। ऐसे में दोनों ही मामलों में आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की जा रही है।