ताउते तूफान के बीच गुजरात के अमरेली के पास भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं। नेशनल सेंटर ऑफ सीस्मोलॉजी के मुताबिक, इस भूकंप की रिक्टर स्केल पर तीव्रता 4.5 मापी गई है। हालांकि भूकंप में किसी जान-माल की हानि की कोई खबर नहीं है।
राजकोट में भी भूकंप के झटके
इसके अलावा गुजरात के राजकोट में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए। रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 3.8 रही। इसकी पुष्टि नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी ने की है। इस भूकंप से जानमाल की और किसी नुकसान की कोई जानकारी नहीं है।
ताउते तूफान को लेकर अलर्ट जारी
इसी बीच तूफान ताउते को लेकर गुजरात के समुद्री तटीय इलाकों को अलर्ट जारी कर दिया गया है। इस तूफान की वजह से आज और कल गुजरात के तटीय इलाकों में भारी बारिश की संभावना है। इस आपदा से निपटने के लिए एनडीआरएफ की 50 टीमें तैनात की गई हैं। वहीं मछुआरों को सुरक्षित जगह पर शिफ्ट कर दिया गया है।
मौसम विभाग की चेतावनी
इधर मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले 24 घंटे में ताउते तूफान और भी खतरनाक हो सकता है। ये तूफान आज गुजरात के तट से टकरा सकता है और 18 मई को इसके पोरबंदर और महुवा के बीच से गुजरने की संभावना है। इसके अलावा केरल में भी तूफान का असर दिखा। यहां कई इलाकों में ताउते की वजह से भारी बारिश हुई।