एएन-32 विमान का मलबा मिलने की सूचना के साथ विमान में सवार जवानों के परिजनों की बेचैनी बढ़ गई है। कुछ परिजन जोरहाट में रहकर सर्च अभियान की पल-पल की अपडेट ले रहे हैं तो घर पर बैठे परिजन उनके सकुशल लौटने के लिए ईश्वर से प्रार्थना कर रहे हैं।
कपिलेश के परिजनों में बेचैनी
बिल्हौर(कानपुर): एएन-32 का मलबा मिलने की सूचना ने वारंट अफसर कपिलेश मिश्रा के परिजनों की बेचैनी बढ़ा दी है। उत्तरीपुरा कस्बे के चैबियाना मोहल्ला निवासी कपिलेश इसी विमान में सवार थे। उनके बड़े भाई प्रमिलेश मिश्रा और राजेश मिश्रा ने बताया कि मंगलवार दोपहर सोशल मीडिया और टीवी पर यह सूचना मिली, तब से सभी बेचैन हैं।
काश बेटा 15 की जगह 24 दिन की छुट्टी पर होता...
बैरिया (बलिया): एएन-32 विमान में शोभाछपरा निवासी एयरफोर्स के जवान सूरज सिंह भी थे। सूरज के छोटे भाई प्रिंस कुमार सिंह और चचेरे ससुर मोहन सिंह जोरहाट में हैं। इधर, पिता विनोद सिंह ने कहा कि काश बेटा 15 की जगह 24 दिन की छुट्टी पर होता तो हादसे से बच जाता। तीन माह पहले ही सूरज की शादी शालू से हुई थी। शालू के भी रो-रोकर बुरे हाल हैं। उधर, खरहाटार स्थित शिव मंदिर में जवानों की सलामती के लिए हवन पूजन किया गया।
परिजनों को लापता मोहित के लौटने की उम्मीद
पटियाला: समाना के फ्लाइंग लेफ्टिनेंट मोहित गर्ग के परिवार वालों को उम्मीद है कि उनका बेटा सही सलामत वापस आएगा। मोहित के ताया प्रेम पाल ने कहा कि उम्मीद पर दुनिया कायम है। मोहित के पिता मौका देखने के लिए गए हैं। हम उम्मीद नहीं छोड़ेेंगे। उन्होंने कहा, विमान का मलबा मिलने की सूचना के बाद कुछ सूझ नहीं रहा कि इस पर विश्वास करें या न करें।
परिजनों को राजेश के जल्द घर लौटने की उम्मीद
फरीदाबाद: एएन-32 विमान में सेक्टर 23 निवासी फ्लाइट लेफ्टिनेंट राजेश थापा भी थे। परिजनों को उनके जल्द लौटने की उम्मीद है। उनके पिता हरि थापा जोरहाट में हैं और पल-पल की अपडेट ले रहे हैं। राजेश के दोस्त और रिश्तेदार भी उसकी सलामती की दुआ कर रहे हैं।
परिजनों को पंकज के सकुशल मिलने की आस
गोहाना (सोनीपत): एएन-32 विमान में कोहला निवासी पंकज सांगवान भी सवार थे। वह एयर ट्रैफिक सर्विस में हैं। मलबा मिलने की सूचना के बाद दादा बलवंत, मां सुनीता व पिता धर्मबीर सांगवान ने पंकज के सकुशल लौटने की उम्मीद जताई है। पूर्व सीएम भूपेंद्र हुड्डा भी कोहला पहुंचकर पंकज के परिजनों से मिले।