यौन उत्पीड़न ( प्रतीकात्मक तस्वीर)
- फोटो : एडोव
महाराष्ट्र के अमरावती जिले से बड़ी खबर सामने आई है। दरअसल, 180 नाबालिग लड़कियों के यौन शोषण और उनके अश्लील वीडियो बनाने का मामला सामने आने के बाद अब इस पर सियासत भी गरमा गई है। भारतीय जनता पार्टी ने इसे केवल एक अपराध नहीं, बल्कि एक सुनियोजित 'साजिश' बताया है। भाजपा नेताओं ने इस मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल एसआईटी जांच की मांग की है।
क्या है पूरा मामला?
अमरावती पुलिस ने मोहम्मद अयाज नामक एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि अयाज ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स, खासकर वॉट्सएप और स्नैपचैट के जरिए नाबालिग लड़कियों को अपने जाल में फंसाया। जांच में पता चला है कि आरोपी ने कम से कम 180 लड़कियों का यौन शोषण किया और उनके 350 से ज्यादा आपत्तिजनक वीडियो रिकॉर्ड किए। पुलिस ने आरोपी का मोबाइल जब्त कर लिया है, जिसमें भारी मात्रा में आपत्तिजनक सामग्री मिली है। आरोपी फिलहाल सात दिनों की पुलिस हिरासत में है।
यह भी पढ़ें: विपक्ष करेगा महिला आरक्षण बिल का विरोध: मल्लिकार्जुन खरगे बोले- नीयत में खोट है, यह सिर्फ चुनावी पैंतरा
भाजपा नेता किरीट सोमैया ने कहा कि यह कट्टरपंथ और संगठित अपराध का मिला-जुला रूप है। सोमैया के अनुसार, अमरावती के अलावा नागपुर और परतवाड़ा जैसी जगहों की लड़कियों को भी निशाना बनाया गया है। उन्होंने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से इस पूरे मामले की गहराई से जांच के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) बनाने की अपील की है। वहीं, भाजपा विधायक देवयानी फरांदे ने कहा कि आईटी कंपनियों में महिलाओं के साथ अत्याचार और उन पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने की खबरें आ रही हैं, जो चिंताजनक है।
पुलिस ने क्या कार्रवाई की?
महाराष्ट्र अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष प्यारे खान ने बताया कि उन्हें अचलपुर से इस संबंध में गोपनीय शिकायतें मिली थीं। पुलिस जांच में अब तक आठ मुस्लिम महिलाओं से जुड़े मामले भी सामने आए हैं, जिनमें से कुछ के वीडियो और फोटो बरामद किए गए हैं। प्रशासन ने साफ किया है कि यह एक बेहद संवेदनशील इलाका है, इसलिए अफवाहों पर ध्यान न दिया जाए। पुलिस और आयोग ने आश्वासन दिया है कि दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, पुलिस आरोपी के मोबाइल डेटा और उसके संपर्कों को खंगाल रही है, जिससे यह पता लगाया जा सके कि इस घिनौने खेल में उसके साथ और कौन-कौन शामिल था।