रैली में अमित शाह ने कहा कि टीएमसी के गुंडों ने 130 भाजपा कार्यकर्ताओं को मार डाला। वे आजाद घूम रहे हैं और कोई पकड़ा नहीं गया है। मैं टीएमसी को बताना चाहता हूं- हम भविष्य में सरकार बना रहे हैं और हम इन गुंडों को सलाखों के पीछे डालेंगे। उन्होंने कहा, 'टीएमसी और कम्युनिस्ट पार्टियों ने राज्य में विकास के लिए कुछ नहीं किया है। हम 'सबका साथ, सबका विकास' के आदर्श के साथ काम करते हैं।'
पूरा भारत मोदी जी के नेतृत्व में जुड़ रहा है
भाजपा नेता ने कहा कि हम हर समुदाय की संस्कृतियों, साहित्य और परंपराओं को आगे ले जाते हैं। इसीलिए धीरे-धीरे पूरा भारत मोदी जी के नेतृत्व में भाजपा से जुड़ा हुआ है। बंगाल में सरकार बनाने के बाद, हम 500 करोड़ रुपये खर्च करेंगे और इस क्षेत्र में राजबंशी समुदाय के दिग्गजों को श्रद्धांजलि के रूप में एक राजबंशी सांस्कृतिक केंद्र का निर्माण करेंगे।
लागू करेंगे आयुष्मान भारत योजना
शाह ने कहा कि 2019 के लोकसभा चुनावों में, हमें 18 सीटें मिलीं। टीएमसी ने कहा था कि हमें एक भी नहीं मिलेगी। वह अब बंगाल में विधानसभा चुनाव लड़ने के लिए एक सीट की तलाश कर रही हैं। गृह मंत्री अमित शाह ने एलान किया कि भाजपा की सरकार बनते ही एक हफ्ते में बंगाल में आयुष्मान भारत योजना लागू कर दी जाएगी।
ये परिवर्तन यात्रा बंगाल की स्थिति में परिवर्तन के लिए है
रैली को संबोधित करते हुए गृह मंत्री ने कहा कि मैं तृणमूल के नेताओं को सुन रहा था, वो कह रहे थे कि क्यों परिवर्तन यात्रा निकाल रहे हो, ठीक ही तो चल रहा है। मैं आज बंगाल के इस प्रचंड जन मानस के बीच ये कहने आया हूं कि ये परिवर्तन यात्रा किसी मुख्यमंत्री को बदलने की परिवर्तन यात्रा नहीं है, किसी नेता को हराकर दूसरे नेता को लाने की नहीं है, ये परिवर्तन यात्रा बंगाल की स्थिति में परिवर्तन करने की यात्रा है। यह परिवर्तन यात्रा राज्य को घुसपैठ, बेरोजगारी, बम विस्फोटों से मुक्त करने और राज्य में किसानों की स्थिति में बदलाव लाने के लिए है। यह 'परिवर्तन यात्रा' सोनार बांग्ला के निर्माण की दिशा में एक यात्रा है।
आपके चुनाव हारने तक मैं यहां बार-बार आता रहूंगाः अमित शाह
पश्चिम बंगाल के ठाकुरनगर में एक अन्य रैली को संबोधित करते हुए गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि कुछ परिस्थितियों के कारण मेरा कार्यक्रम रद्द कर दिया गया था जिससे ममता दीदी बहुत खुश हो गई थी। अमित शाह ने ममता को ललकारते हुए कहा कि अप्रैल तक पर्याप्त समय है, मैं यहां बार-बार आऊंगा जब तक कि आप चुनाव हार नहीं जाती। अमित शाह ने कहा कि मटुआ समुदाय के लोगों का हुजूम यह बता रहा है कि बंगाल में भाजपा आने वाली है।