ओबीसी विधेयक पर राज्यसभा के बाद लोकसभा में सरकार के फ्लोर प्रबंधकों की कलई खुलने के बाद भाजपा अध्यक्ष अमित शाह के तेवर चढ़े हुए हैं। उन्होंने संसदीय कार्य मंत्री अनंत कुमार को तलब कर उन्हें दो टूक शब्दों में सांसदों को संदेश देने को कहा है। सूत्र बताते हैं कि शाह ने सांसदों को दिए जाने वाले संदेश में अनंत से कहा- जिन सांसदों की रूचि सदन की कार्यवाही में नहीं है, वे घर जाकर आराम करें। शाह की नसीहत के बाद पार्टी के 12 से 14 सांसदों को संसदीय कार्य मंत्री की ओर से संदेश दिए गए हैं।
कर्नाटक से सांसद एवं मोदी सरकार में एक मंत्री ने फोन आने की बात स्वीकार करते हुए कहा है कि येदियुरप्पा की यात्रा उनके क्षेत्र में होने की वजह से वे सदन में उपस्थित नहीं थे। इस आशय की जानकारी उन्होंने पार्टी को दे दी थी। ऐसे ही दो अन्य सांसदों ने भी फ्लोर प्रबंधकों की ओर से फोन आने की बात स्वीकार की है। मगर कुछ सांसद इस कमजोरी के लिए फ्लोर प्रबंधकों को ही जिम्मेदार मान रहे हैं। उचित समय पर सूचना नहीं मिलती है। वैसे सत्ता में आने के बाद से लगातार भाजपा के फ्लोर प्रबंधन की कमी नजर आ रही है।
हर सत्र से पहले पीएम मोदी पार्टी सांसदों से अपील करते हैं कि वे सदन में उपस्थित रहें। मगर मोदी के नसीहत का भी भाजपा सांसदों पर असर होता दिखाई नहीं दे रहा है। कई मौकों पर सरकार को सांसदों की अनुपस्थिति के वजह से फजीहत झेलनी पड़ी है। अब सांसदों को कसने की कमान खुद भाजपा अध्यक्ष ने अपने हाथों में ली है।