भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने सोमवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से फोन पर बातचीत कर उन्नाव के सामूहिक बलात्कार और पीड़िता के पिता की मौत मामले का ब्योरा मांगा। साथ ही उन्होंने इस मामले में सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
भाजपा नेतृत्व दो अप्रैल के भारत बंद के बाद दलितों के उत्पीड़न पर पार्टी के ही चार सांसदों के मोर्चा खोलने से पहले ही चिंतित है। मुख्यमंत्री योगी की
प्रधानमंत्री के साथ मुलाकात में इसी मुद्दे और कानून व्यवस्था पर बातचीत हुई थी।
उन्नाव मामले के तूल पकड़ने के बाद बुधवार को लखनऊ जा रहे शाह कानून व्यवस्था की स्थिति पर भी सीएम योगी के साथ गहन मंथन करेंगे। कई सांसदों का आरोप है कि स्थानीय प्रशासन के अधिकारी मनमानी करते हैं, मगर इसकी शिकायत का सीएम योगी कोई संज्ञान नहीं लेते। एक दलित सांसद ने सीएम योगी पर डांट कर भगाने का भी आरोप लगाया है।
केंद्रीय नेतृत्व के चिंता जताने के बाद ही योगी सरकार हरकत में आई। राज्य सरकार ने संबंधित थाना प्रभारी समेत 6 पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया और आरोपी विधायक कुलदीप सिंह सेंगर के 4 समर्थकों को गिरफ्तार किया गया है। मुख्यमंत्री ने आरोपी विधायक को भी तलब किया है।