नरेंद्र मोदी सरकार ने चार साल में परिवारवाद, तुष्टिकरण और जातिवाद की राजनीति खत्म कर परफार्मेंस की नीति को मजबूत किया है। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने एनडीए सरकार के चार साल पूरे होने के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उपलब्धियों का खुल कर बखान किया।
भाजपा अध्यक्ष ने पीएम को देश के मजबूत नेतृत्व के लिए बधाई देते हुए कहा कि देश की जनता नरेंद्र मोदी केसाथ चट्टान की तरह खड़ी है। इस मौके पर शाह ने विपक्ष पर हमला बोलते हुए कहा कि वह झूठ को सार्वजनिक तौर पर जोर जोर से बोल कर जनता को गुमराह कर रहे हैं।
शाह ने कहा कि भाजपा को विश्वास है कि जनता 2019 में उन्हें एक बार फिर सेवा का मौका देगी। शाह ने कहा कि कांग्रेस ने लोकतांत्रिक मूल्यों को हमेशा ताख पर रखा। अब लोगों को बता रहा है कि देश में दहशत का माहौल है। शाह ने मोदी सरकार की उपलब्धियों में सबसे उपर पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (पीओके) में किया गया सर्जिकल स्ट्राईक और काले धन पर एसआईटी के गठन को रखा है।
उन्होंने कहा कि काले धन का अंत 2014 के चुनाव का मुख्य नारा था। उसे इस सरकार ने बखूबी पूरा किया है। शाह ने कहा कि यह सरकार गरीबों और गांव के उत्थान पर काम कर रही है। शाह ने कहा कि यह अच्छे काम का ही नतीजा है कि आज 20 राज्यों में एनडीए की सरकार है और वह देश के 65 फीसदी जनता की सेवा कर रही है।
उपलब्धियों की गिनती में शाह ने कहा कि आज देश के हरेक गांव में बिजली पहुंच गई है। सरकार 2022 तक हर व्यक्ति को घर देने की दिशा में काम कर रही है। उन गरीबों के घर में सिलेडर पहुंचा है जो कभी इसके बारे में सोच भी नहीं सकते थे। प्रधानमंत्री के कहने पर डेढ़ करोड़ लोगों ने गैस की सब्सिडी छोड़ दी।