सार
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह स्वास्थ्य कारणों के चलते शनिवार को कर्नाटक के हुब्बल्ली में आयोजित कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सके। डॉक्टरों की सलाह पर वह होटल में आराम कर रहे हैं। उनकी अनुपस्थिति में केएलई मेडिकल कॉलेज के नए भवन और 1,200 बिस्तरों वाले अस्पताल का उद्घाटन किया गया।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह स्वास्थ्य कारणों के चलते शनिवार को कर्नाटक के हुब्बल्ली में आयोजित एक निर्धारित कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सके। आधिकारिक सूत्रों ने इस बात की जानकारी दी है। अमित शाह को हुब्बल्ली के गब्बूर में केएलई जगद्गुरु गंगाधर महास्वामीगलु मूरुसाविरमठ मेडिकल कॉलेज के नए शैक्षणिक भवन और 1,200 बिस्तरों वाले केएलई अस्पताल व मेडिकल रिसर्च सेंटर का उद्घाटन करना था। केएलई सोसायटी के अध्यक्ष और पूर्व राज्यसभा सांसद प्रभाकर कोरे ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों को बताया कि डॉक्टरों की सलाह के बाद गृह मंत्री होटल में ही आराम कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि अमित शाह ने खुद उन्हें यह संदेश जनता तक पहुंचाने के लिए कहा था।
गृह मंत्री की अनुपस्थिति में इस संस्थान का उद्घाटन केंद्रीय मंत्री प्रल्हाद जोशी, कर्नाटक के चिकित्सा शिक्षा मंत्री शरण प्रकाश पाटिल, पूर्व मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई, बेलगावी के सांसद जगदीश शेट्टार और श्री जगद्गुरु मूरुसाविरमठ के श्री गुरुसिद्ध राजयोगेंद्र स्वामी ने मिलकर किया। गृह मंत्री अमित शाह इस कार्यक्रम में हिस्सा लेने के लिए शुक्रवार देर रात हुब्बल्ली पहुंचे थे। तय कार्यक्रम के अनुसार, उन्हें शनिवार को बाद में बेलगावी जिले में श्री बीरेश्वर को-ऑपरेटिव क्रेडिट सोसाइटी के नए मुख्यालय भवन का भी उद्घाटन करना है।