हाल ही में भाजपा में शामिल होने वाले विभिन्न पार्टी के नेताओं का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि वे कहते हैं कि सभी पार्टियों के नेता भगवा पार्टी में शामिल हो रहे हैं। उन्होंने कहा- मैं मीडिया को बताना चाहता हूं कि सभी पार्टियों में अच्छे लोग हैं और सभी अच्छे लोग मोदी जी के नेतृत्व में एक साथ आएंगे।
उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं से देश के हित में अच्छे लोगों को संगठित करने के लिए कहा। भाजपा प्रमुख ने कहा कि चुनावों में हार के बाद कई पार्टियां विभाजित हो जाती हैं क्योंकि वह 'व्यक्ति, परिवार और जाति के आधार' पर चलती हैं, लेकिन भाजपा के साथ ऐसा नहीं है। उन्होंने कहा कि भाजपा अपनी विचारधारा के आधार पर पिछले कुछ वर्षों में मजबूत हुई है।
उन्होंने कहा कि देश के चुनावी इतिहास में कई पार्टियां महज एक ही हार से टूट गई और विभाजित हो गई। उन्होंने कहा कि अंग्रेजी वर्णमाला 'ए-बी-सी-डी...' में ऐसा कोई अक्षर नहीं है, जिस पर देश की सबसे पुरानी पार्टी कांग्रेस के टूटने के बाद कोई पार्टी नहीं बनी हो। कांग्रेस ‘ओ’, कांग्रेस ‘यू’...सभी (ए-बी-सी-डी...) नाम से कांग्रेस पार्टी बनी है।
शाह ने कहा कि केवल एक हार के बाद कांग्रेस पार्टी टूट गई। उन्होंने तेलुगू देशम पार्टी का भी जिक्र करते हुए कहा कि यह पार्टी भी टूट गई। उन्होंने कहा कि ऐसी पार्टियां हार बर्दाश्त नहीं कर सकती क्योंकि वे व्यक्ति, परिवार और जाति के आधार पर चलती हैं। भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि हालांकि भाजपा के साथ ऐसा नहीं है। भाजपा विचारधारा पर आधारित है और भारत माता को ‘विश्व गुरु’ बनाने के सपने के साथ आगे बढ़ रही है।
शाह ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने लोकसभा में केवल दो सदस्य होने के लिए भाजपा का मजाक उड़ाते हुए कहा था कि वे 'परिवार नियोजन' में यकीन रखते हैं। उन्होंने कहा कि अब स्थिति यह है कि कांग्रेस को संसद में मुख्य विपक्षी दल का दर्जा तक नहीं मिला, जबकि भाजपा पूर्ण बहुमत के साथ सत्ता में आयी है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने पार्टी कार्यकर्ताओं को गांवों में सदस्यता अभियान के दौरान स्वच्छता अभियान, पौधारोपण और जल संरक्षण अभियान चलाने के लिए भी कहा है। शाह ने भाजपा को 19 फीसदी मत देने के लिए तेलंगाना के लोगों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि यह दर्शाता है कि पार्टी राज्य में अगली सरकार बनाएगी।
केंद्रीय गृह मंत्री ने शनिवार को जन संघ संस्थापक श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती के मौके पर उन्हें श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कश्मीर को भारत का अभिन्न अंग बनाए रखने में उनकी भूमिका को याद किया। उन्होंने निजाम के शासन वाले हैदराबाद राज्य का भारत संघ में विलय करने के लिए सरदार वल्लभभाई पटेल की भूमिका को भी याद किया।
उन्होंने राज्य में अगली सरकार बनाने के लिए पार्टी को मजबूत करने के वास्ते कार्य योजना तैयार करने को लेकर तेलंगाना में भाजपा के अहम नेताओं से मुलाकात की। सदस्यता अभियान का औपचारिक रूप से शुभारंभ करने से पहले भाजपा अध्यक्ष नजदीक के ममिदीपल्ली में एक आदिवासी परिवार के घर गए और वहां भोजन किया।
इस बीच, शाह को देश में हवाईअड्डों की सुरक्षा करने में केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) की भूमिका के बारे में भी जानकारी दी गई। सीआईएसएफ के अतिरिक्त महानिदेशक एम के गणपति ने देश में हवाईअड्डों की सुरक्षा में सीआईएसएफ की भूमिका और सीआईएसएफ विमानन सुरक्षा समूह हैदराबाद ईकाई में तकनीकी अद्यतन पर मंत्री को प्रजेंटेशन दी।