Amit Shah Slams Opposition On Mike Switch Off Allegations: लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के खिलाफ लाए गए अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा का जवाब देते हुए लोकसभा में बुधवार केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस पर निशाना साधा है। इस दौरान उन्होंने विपक्ष के माइक बंद करने के आरोपों का भी जवाब दिया।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने लोकसभा में स्पीकर ओम बिरला के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान सदन को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि यह कोई सामान्य घटना नहीं है। करीब चार दशक के बाद एक बार फिर से लोकसभा अध्यक्ष के सामने अविश्वास प्रस्ताव आया है। इस दौरान उन्होंने स्पीकर पर माइक बंद करने को लेकर विपक्ष की ओर से लगाए जाने वाले आरोपों का भी जवाब दिया।
गृहमंत्री ने गिरिराज सिंह का दिया उदाहरण
अमित शाह ने कहा कि ये कहते हैं माइक बंद कर दिया जाता है। अभी पप्पू यादव के भाषण के दौरान गिरिराज सिंह बोल रहे थे, उनका भी माइक बंद किया गया था। मंत्री होने के बाद भी, जो नियमों के विपरीत बोलेगा, उसका माइक बंद ही कर दिया जाना चाहिए। बीएसी में तय हुआ कि इनके प्रस्ताव पर नौ तारीख को चर्चा होगी। ये अपने प्रस्ताव पर चर्चा को भी तैयार नहीं थे, यह इनकी गंभीरता बताता है। 80 फीसदी से ज्यादा भाषण स्पीकर के कंडक्ट पर नहीं, सरकार का विरोध करने के लिए हैं।
विज्ञापन
अनुशासन तोड़ने पर माइक बंद होना ही चाहिए- अमित शाह
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने लोकसभा में अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान कहा कि जब स्पीकर की तरफ से किसी भी सदस्य को किसी मुद्दे पर बोलने के लिए कहा जाता है तो अगर वे दूसरे मुद्दे पर बोलते हैं तो दावा करते हैं कि उनका माइक बंद कर दिया गया। मैं कहना चाहता हूं कि अनुशासन तोड़ने पर माइक बंद होना ही चाहिए।
कांग्रेस को विरोध करने का अधिकार नहीं- अमित शाह
अमित शाह ने कहा कि सरकार का विरोध करने के लिए ढेर सारी धाराएं हैं, इसके लिए आप स्पीकर की गरिमा पर सवालिया निशान लगा रहे हो, कल भी कह रहे थे कि डिप्टी स्पीकर नियुक्त नहीं किया। कांग्रेस ने अपने ही डिप्टी स्पीकर रख दिए थे। ये कहते हैं कि डिप्टी स्पीकर पर हमारा अधिकार है। इन्होंने तो ये पद अपने सदस्य से भर दिया था। कांग्रेस पार्टी को विरोध करने का अधिकार ही नहीं है। एस वीके राव कांग्रेस के सदस्य थे और दोनों बार वही डिप्टी स्पीकर थे। हमने तो कम से कम आपके लिए खाली रखा है, आपने तो खाली भी नहीं रखा।