फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Amit Shah: बीरभूम में बोले अमित शाह- अगला मुख्यमंत्री ममता दीदी का भतीजा नहीं, भाजपा का होगा

Fri, 14 Apr 2023 05:23 PM IST
जलज मिश्रा न्यूज डेस्क/अमर उजाला ब्यूरो, कोलकाता

सार

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने आज बीरभूम के सिउड़ी से आज तृणमूल कांग्रेस पर सीधा हमला बोला। उन्होंने मुख्यमंत्री ममता दीदी और उनके भतीजे पर सीधा हमला बोलते हुए कहा, ममता दीदी का एक मात्र लक्ष्य है अपने भतीजे को मुख्यमंत्री बनना...
विज्ञापन
Amit Shah - फोटो : Amar Ujala
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

गृहमंत्री अमित शाह शुक्रवार को बंगाल के बीरभूम जिले में पहुंचे। यहां पहुंचने पर उनका स्वागत किया गया। यहां पहुंचकर उन्होंने सबसे पहले अंबेडकर की मूर्ति पर माल्यापर्ण किया और श्रद्धासुमन अर्पित किए। वहीं गृह मंत्री बीरभूम के सिउड़ी में सभा स्थल पर पहुंचे, जहां उन्हें एक तारा देकर सम्मानित किया गया। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने आज बीरभूम के सिउड़ी से आज तृणमूल कांग्रेस पर सीधा हमला बोला। उन्होंने मुख्यमंत्री ममता दीदी और उनके भतीजे पर सीधा हमला बोलते हुए कहा, ममता दीदी का एक मात्र लक्ष्य है अपने भतीजे को मुख्यमंत्री बनना। लेकिन मैं गरंटी देता हूं, उनका यह सपना केवल सपना बन कर ही रह जाएगा। क्योंकि बंगाल का अपना मुख्यमंत्री भारतीय जनता पार्टी का होगा। 

उन्होंने कहा, दीदी ने तीन लाख नौकरियां देने का वादा किया था, वह कहां है। आज बंगाल भ्रष्टाचार, गौतस्करी का अड्डा बन गया है। उन्होंने कहा, इनके नेताओं के घर से 21 करोड़ रुपये मिल रहे हैं। भ्रष्टाचार के खिलाफ काम चलता रहेगा। उन्होंने लोगों से आह्वान किया, 2024 में बंगाल से 35 लोकसभा सीटों पर भाजपा को जीता कर, इसका ट्रायल दिखा देना। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को तीसरी बार फिर प्रधानमंत्री बनना है। उन्होंने कहा, भाजपा की सरकार बना दीजिए, फिर राम नवमी के जुलूस पर हमला करने की हिम्मत किसी की नहीं होगी। केंद्रीय योजनाओं पर दीदी अपने नाम का लेबल लगा रही हैं।

विज्ञापन

 



इस दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शुवेंदु अधिकारी और प्रदेश अध्यक्ष सुकांत मजूमदार के साथ बाबा साहब को श्रद्धांजलि भी अर्पित की।
 

 

गृह मंत्री के दौरे पर सभी की नजरें हैं, क्योंकि पंचायत चुनाव से पहले और रामनवमी के दौरान हुई हिंसा के बाद वे बंगाल पहुंचे हैं। यह क्षेत्र तृणमूल कांग्रेस के बाहुबली नेता अणुब्रत मंडल का है, जो पशु तस्करी मामले में इस समय तिहाड़ जेल में बंद हैं। सभा के बाद गृहमंत्री शाम को एक सांगठनिक बैठक में हिस्सा लेंगे, जिसमें वरिष्ठ नेताओं के साथ वे विचार-विमर्श करेंगे। बांग्ला नववर्ष के पहले दिन दक्षिणेश्वर मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे। इस साल यह अमित शाह का पहला बंगाल दौरा है।

 

बंगाल भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सुकांत मजूमदार ने गुरुवार को सभास्थल का दौरा करने के बाद कहा कि गृहमंत्री की यह रैली एतिहासिक होगी। उन्होंने कहा, तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ता किस मुंह के साथ गृहमंत्री की सभा का विरोध करेंगे। गृह मंत्री उसी दिन रात के समय वह कोलकाता लौट आएंगे। यहां पार्टी की कोर कमेटी के साथ उनकी अहम सांगठनिक बैठक होगी। 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले बंगाल में पंचायत चुनाव में अमित शाह का दौरा बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

 

प्रवास अभियान के तहत बंगाल आए शाह

शाह का दौरा, भाजपा के प्रवास अभियान का हिस्सा है। दरअसल, इस अभियान के तहत भाजपा के वरिष्ठ अधिकारी उन क्षेत्रों को मजबूत करेंगे, जहां पिछले लोकसभा चुनाव में मामूली अंतर से भाजपा की हार हुई थी। भाजपा ने 2019 लोकसभा चुनावों में बंगाल की कुल 42 सीटों में से 18 पर जीत हासिल की थी।

 गृहमंत्री ने प्रदेश भाजपा नेताओं के साथ की बैठक
मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद देर शाम गृहमंत्री ने पार्टी नेताओं के संग बंद कमरे में बैठक की। बैठक में प्रदेश अध्यक्ष सुकांत मजूमदार और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष सुवेंदु अधिकारी के अलावा भाजपा के अन्य नेताओं ने उनका स्वागत किया। बैठक में पार्टी के कई विधायक, सांसद और प्रभारी भी मौजूद रहे। भाजपा सूत्रों के मुताबिक, बैठक में पंचायत चुनाव को लेकर मंथन किया गया। कहा यह भी जा रहा है कि बंगाल प्रदेश भाजपा के नेताओं में आपसी तालमेल की कमी को लेकर गृहमंत्री ने नाराजगी जताई है।

विज्ञापन


गृहमंत्री ने दक्षिणेश्वर मंदिर में की पूजा-अर्चना
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बीरभूम से कोलकाता लौटकर दक्षिणेश्वर मंदिर में पूजा-अर्चना की। तृणमूल कांग्रेस के सवाल उठाए जाने के बाद शुक्रवार शाम को भारी सुरक्षा घेरे में अमित शाह मंदिर परिसर में पहुंचे और पूजा अर्चना की।

गृहमंत्री से मिलकर रो पड़े बीरभूम नरसंहार पीड़ित
जनसभा के बाद गृहमंत्री अमित शाह ने बीरभूम नरसंहार के पीड़ित मिहिलाल शेख से भी मुलाकात की। मुलाकात के दौरान वे फूट-फूटकर रो पड़े। इस पर अमित शाह ने उन्हें आश्वस्त किया कि मामले में सीबीआई जांच कर रही है। घटना के सभी आरोपितों के खिलाफ निश्चित तौर पर कार्रवाई होगी। मुलाकात के बाद शेख ने कहा, मुझे लगा नहीं था कि देश के गृह मंत्री से मुलाकात होगी, लेकिन उन्होंने थोड़ा सा ही समय दिया यह बहुत बड़ी बात है। मैंने अपने परिजनों के खोने की जानकारी उन्हें दी है। बता दें कि पिछले साल 21 मार्च की रात बीरभूम के बगटुई में 70 से 80 तृणमूल कार्यकर्ताओं की ओर से की गई आगजनी में शेख की पत्नी, मां और बच्चे की जलकर मौत हो गई थी। 

भगवान बिरसा मुंडा को पुष्पांजलि अर्पित की
गृहमंत्री ने शुक्रवार को अपनी बीरभूम यात्रा के दौरान भगवान बिरसा मुंडा व संथाल क्रांति के नायकों सिद्धो, कान्हो, चांद व भैरव की प्रतिमाओं पर पुष्पांजलि अर्पित की। उन्होंन कहा, विदेशी हुकूमत के शोषण के खिलाफ क्रांति का नेतृत्व कर मातृभूमि के लिए प्राणों की आहुति देने वाले ऐसे बीरों के प्रति राष्ट्र सदा कृतज्ञ रहेगा।
विज्ञापन


 

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें