प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जीवन, विचारों, कार्य संस्कृति और राष्ट्र के प्रति उनके समर्पण को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित भव्य संगीत-मल्टीमीडिया शो ‘नमोत्वव’ का उद्घाटन केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने किया। यह कार्यक्रम अहमदाबाद के संस्कारधाम, घुमा में आयोजित हुआ, जिसमें 150 से अधिक कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
अमित शाह ने कहा कि नमोत्वव केवल एक सांस्कृतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि भारत के आत्मविश्वास, संकल्प और मूल्यों की जीवंत यात्रा है। उन्होंने कहा कि बीते 11 वर्षों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 140 करोड़ देशवासियों के मन में यह दृढ़ विश्वास पैदा किया है कि भारत दुनिया में नंबर वन बन सकता है। यह आत्मविश्वास विचार, योजना, निर्णायक कार्रवाई और अटूट संकल्प से पैदा होता है।
तीन दिवसीय ‘नमोत्वव’ आयोजन
अमित शाह ने कहा कि नरेंद्र मोदी कोई साधारण नेता नहीं, बल्कि असाधारण व्यक्तित्व हैं, जिन्होंने निर्धन परिवार से निकलकर ईमानदारी, पारदर्शिता और राष्ट्रहित के बल पर सर्वोच्च पद तक का सफर तय किया। आज उन्हें 29 देशों के सर्वोच्च नागरिक सम्मानों से नवाजा जाना, केवल एक व्यक्ति नहीं बल्कि पूरे भारत का सम्मान है। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के 11 वर्षों के कार्यकाल की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि 27 करोड़ लोग गरीबी से बाहर निकले, 81 करोड़ को मुफ्त खाद्यान्न, 11 करोड़ से अधिक गैस कनेक्शन, 15 करोड़ शौचालय, 10 करोड़ घरों में नल से जल, 56 करोड़ लोगों का बैंकिंग से जुड़ाव और 4 करोड़ पक्के मकान ये सभी मजबूत इच्छाशक्ति और नीति का परिणाम हैं।
गुजरात के मुख्यमंत्री रहते हुए ज्योतिग्राम योजना से गांवों तक 24 घंटे बिजली पहुंचाने से लेकर आज देश को विकास का मॉडल देने तक, यही कार्य संस्कृति अब पूरे भारत की प्रेरणा बन चुकी है। अमित शाह ने कहा कि राम मंदिर निर्माण, अनुच्छेद 370 का निरसन, आतंकवाद पर सख्त रुख, डिजिटल क्षेत्र में वैश्विक नेतृत्व और तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था यह मजबूत संकल्प का प्रमाण हैं। उन्होंने कहा कि नमोत्वव नई पीढ़ी में देशभक्ति, सेवा और मूल्यों की भावना को मजबूत करेगा। यह आयोजन केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि उस भारत को गढ़ने की प्रेरणा है, जिसकी कल्पना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने की है।
कार्यक्रम में गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी, कई मंत्री, सांसद, सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्र की जानी-मानी हस्तियां मौजूद रहीं। प्रसिद्ध कलाकार साईराम दवे के नेतृत्व में प्रस्तुत इस शो में संगीत, दृश्य और तकनीक के माध्यम से प्रधानमंत्री मोदी के जीवन सफर को मंच पर उतारा गया।