कांग्रेस नेता राहुल गांधी के जातिगत आरक्षण को लेकर दिए बयान पर आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि राहुल लोगों को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं। आरक्षण के खिलाफ होने का दावा करने वाले एक वीडियो को खारिज करते हुए राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) प्रमुख मोहन भागवत ने रविवार को हैदराबाद में स्पष्टीकरण दिया। उन्होंने कहा कि वह हमेशा कोटा / आरक्षण के समर्थन में खड़े रहे हैं। उन्होंने कहा कि संविधान के तहत भी इसकी गारंटी और मंजूरी दी गई है। हैदराबाद में विद्या भारती विज्ञान केंद्र (वीबीवीके) के उद्घाटन के अवसर पर भागवत ने कहा, सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर एक वीडियो प्रसारित किया जा रहा है। इसमें दावा किया जा रहा है कि संघ आरक्षण के खिलाफ है, जो पूरी तरह झूठ और भ्रामक है।
आरक्षण पर भागवत का स्पष्टीकरण
बकौल भागवत, कई लोग हैं जो सार्वजनिक रूप से आम जनता के बीच आरक्षण का प्रचार करते हैं, लेकिन पर्दे के पीछे इस विचार के खिलाफ काम करते हैं। उन्होंने कहा कि संघ शुरू से ही संविधान के तहत स्वीकृत आरक्षण के पक्ष में खड़ा रहा है। आरक्षण तब तक जारी रहना चाहिए जब तक उन लोगों के लिए जरूरी है, जिन्हें सचमुच इसकी आवश्यकता है। भागवत ने कहा कि आरक्षण पिछड़ेपन और अभावग्रस्त लोगों को मिलता है। उनके जीवन यापन या सामाजिक प्रतिष्ठा के मामले में समानता आने और भेदभाव खत्म होने तक यह व्यवस्था बनी रहनी चाहिए।
राहुल गांधी ने यह लगाया आरोप
गौरतलब है, राहुल गांधी ने शनिवार को एक्स पर कहा था, 'भाजपा नेताओं और नरेंद्र मोदी के करीबियों के बयानों से अब साफ हो गया है कि उनका उद्देश्य है संविधान बदल कर देश का लोकतंत्र तबाह कर देना और दलितों, पिछड़ों, आदिवासियों का आरक्षण छीन कर देश चलाने में उनकी भागीदारी खत्म करना। लेकिन संविधान और आरक्षण की रक्षा के लिए कांग्रेस चट्टान की तरह भाजपा की राह में खड़ी है। जब तक कांग्रेस है वंचितों से उनका आरक्षण दुनिया की कोई ताकत नहीं छीन सकती।'
अमित शाह का पलटवार
अमित शाह ने पलटवार कर कहा, 'राहुल गांधी निराधार झूठ बोलकर लोगों को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं। इस देश में 10 साल से भाजपा की सरकार चल रही है और दो बार पूर्ण बहुमत प्राप्त कर चुकी है। अगर भाजपा की मंशा आरक्षण को खत्म करने की होती तो अब तक हो चुकी होती। नरेंद्र मोदी ने पूरे देश के दलित, पिछड़े, आदिवासी भाई-बहनों को ये गारंटी दी है कि जब तक भाजपा है तब तक आरक्षण को कोई छू नहीं सकता।
शाह ने आगे कहा, 'कांग्रेस पार्टी ने हमेशा एससी/एसटी और ओबीसी के आरक्षण पर हमला किया है। कर्नाटक में उनकी सरकार आई और चार प्रतिशत अल्पसंख्यक आरक्षण बनाया, किसका कोटा काट दिया गया? ओबीसी (आरक्षण) में कटौती की गई। आंध्र प्रदेश में उनकी सरकार आई, वहां भी उन्होंने पांच प्रतिशत अल्पसंख्यक आरक्षण किया। किसका कोटा काट दिया गया? ओबीसी (आरक्षण) में कटौती की गई। कांग्रेस ने हमेशा पिछड़े समाज का विरोध किया और आदिवासियों को न्याय दिलाने का काम कभी नहीं किया।'
कुछ लोग फर्जी वीडियो वायरल कर रहे: मोहन भागवत
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) प्रमुख मोहन भागवत ने रविवार को कहा कि संघ परिवार ने कुछ समूहों को दिए गए आरक्षण का कभी विरोध नहीं किया। संघ शुरू से ही संविधान के अनुसार सभी आरक्षणों का समर्थन करता रहा है। लेकिन कुछ लोग फर्जी वीडियो वायरल कर रहे हैं।इससे पहले भी भागवत ने पिछले साल नागपुर में कहा था कि जब तक समाज में भेदभाव है, तब तक आरक्षण जारी रहना चाहिए। उन्होंने कहा था कि समाज में भेदभाव मौजूद है, भले ही वह अदृश्य हो।