2008 बैच के आईआरएस ऑफिसर अमित फक्कड़ गावटे मुंबई नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के नए जोनल डायरेक्टर नियुक्त किए गए हैं। वह अतिरिक्त प्रभार के रूप में एनसीबी बैंगलोर और एनसीबी चेन्नई का नेतृत्व कर रहे थे। आदेश के अनुसार, वह 31 मई तक अतिरिक्त प्रभार के रूप में बैंगलोर जोनल यूनिट में अपना वर्तमान कार्यभार जारी रखेंगे और इसके बाद वे मुंबई की कमान संभालेंगे। इनके ऊपर हाईप्रोफाइल ड्रग्स केस को सुलझाने की जिम्मेदारी रहेगी।
31 दिसंबर तक समीर वानखेड़े फिर विजेंद्र सिंह ने संभाला अतिरिक्त प्रभार
समीर वानखेड़े का कार्यकाल 31 दिसंबर, 2021 को समाप्त होने के बाद, आईआरएस अधिकारी विजेंद्र सिंह ने अतिरिक्त प्रभार के रूप में एनसीबी मुंबई के क्षेत्रीय निदेशक का कार्यभार संभाला।
2020 और 2021 में चर्चा में थी एनसीबी मुंबई की टीम
बॉलीवुड हस्तियों से जुड़े कई हाई-प्रोफाइल ड्रग्स मामलों के कारण एनसीबी मुंबई की टीम 2020 और 2021 में सुर्खियों में रही थी। सुशांत सिंह राजपूत की मौत के मामले से शुरू होने वाले पिछले दो वर्षों में कई ड्रग्स मामलों के संबंध में राजनेताओं, उनके परिजनों और बॉलीवुड हस्तियों को तलब किया गया है और पूछताछ की गई है। एनसीबी मुंबई का ताजा हाई-प्रोफाइल मामला शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान से जुड़े क्रूज ड्रग मामले का था।