पत्नी और सास की हत्या करने के बाद आत्महत्या कर लेने वाले अमित अग्रवाल (42) नामक चार्टर्ड अकाउंटेंट ने पिछले छह महीने में अपनी पत्नी की हत्या करवाने के लिए सांप से डसवाने के साथ सुपारी देने और कार हादसे की योजना भी बनाई थी। कोलकाता पुलिस ने बुधवार को अग्रवाल के 67 पन्नों के सुसाइड नोट के आधार पर यह बात कही।
पुलिस के मुताबिक अग्रवाल ने आखिर में अपनी पत्नी शिल्पी की हत्या कथित तौर पर बंगलूरू में उनके फ्लैट में गला घोट कर दी और सोमवार को अपने 10 साल के बेटे के साथ कोलकाता वापस चला आया था। कोलकाता एयरपोर्ट पर उसने अपने एक मित्र को फोन किया और उससे अपने बेटे को उसके बड़े भाई के घर ले जाने को कहा था।
इसके बाद शाम को अग्रवाल अपने ससुराल वालों के घर गया और पहले अपनी 65 वर्षीया सास ललिता धंदानिया को और फिर खुद को गोली मार ली। अग्रवाल के ससुर सुभाष धंदानिया (70) किसी तरह अपनी जान बचाने के लिए फ्लैट से बाहर निकल पाए।
कोलकाता पुलिस विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि अग्रवाल के 67 पन्नों के सुसाइड नोट में 66 पन्ने टाइप किए हुए हैं। इस नोट को अग्रवाल ने 'महाभारत ऑफ माय लाइफ' (मेरे जीवन की महाभारत) नाम दिया था।
जांचकर्ताओं को सुसाइड नोट से पता चला है कि पिछले दो साल से तलाक का मामला चलने के कारण अग्रवाल बंगलूरू में अलग फ्लैट में रहता था। लॉकडाउन से पहले कॉन्ट्रैक्ट किलर को काम पर रखने और सांपों की तलाश के लिए बंगलूरू से बिहार तक गया था।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि अपने सुसाइड नोट में उसने लिखा है कि किस तरह अपनी पत्नी को मारने के लिए सांप से लेकर कार हादसे जैसे तरीकों पर विचार किया। लेकिन, आखिर में उसने यह काम खुद करने का फैसला किया क्योंकि उसे किसी पर भरोसा नहीं था।
पुलिस अधिकारी ने कहा, जांच के दौरान जो हमें मिला है उससे लगता है कि अग्रवाल पिछले छह महीने से भी ज्यादा वक्त से पत्नी की हत्या की योजना बना रहा था। हमें लगता है कि उसने कोलकाता के पहले दौरे के वक्त ही पिस्तौल खरीदी थी। इस साल वह लॉकडाउन से पहले कम से कम तीन बार कोलकाता आया था।