बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शनिवार को दिल्ली में कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी से मुलाकात कर बिहार में महागठबंधन की सरकार के भविष्य को लेकर बातचीत की। माना जा रहा है कि दोनों नेताओं के बीच उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव को बनाए रखने या नहीं रखने को लेकर चर्चा हुई।
सूत्रों ने बताया कि नीतीश ने राहुल के सामने तेजस्वी को लेकर अपने रुख को स्पष्ट किया है कि भ्रष्टाचार के मुद्दे पर वह कोई समझौता नहीं कर सकते।
राहुल के सरकारी निवास पर हुई इस मुलाकात के बाद नीतीश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से दिए गए राष्ट्रपति के विदाई भोज में शामिल हुए। नीतीश के इस भोज में शरीक होने के कई सियासी मायने निकाले जा रहे हैं।
जदयू सूत्रों ने बताया कि पटना वापस लौटने के बाद नीतीश गठबंधन पर अंतिम फैसला लेंगे। गौरतलब है कि कांग्रस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने पिछले दिनों नीतीश और घटक राजद प्रमुख लालू यादव से फोन पर बातचीत कर बीच का रास्ता निकालने की कोशिश की थी।