भारतवंशी एमी बेरा को लगातार तीसरी बार अमेरिकी प्रतिनिधि सभा के लिए चुना गया है। इसके साथ ही अमेरिकी कांग्रेस में भारतीय मूल के अमेरिकियों की संख्या पांच हो गई है, जो अपने आप में रिकॉर्ड है। एमी बेरा ने कहा कि अमेरिका की सेवा करना गर्व की बात है। उन्होंने उन लाखों वालंटियर्स का भी धन्यवाद किया, जिन्होंने चुनाव प्रचार के दौरान कड़ी मेहनत की।
इस बार के चुनाव में अमेरिकी प्रतिनिधि सभा में 51 वर्षीय एमी बेरा समेत चार भारतवंशी पहुंचे हैं। इनमें से तीन भारतवंशी पहली बार चुनकर पहुंचे हैं। बेरा से पहले इलिनोइस से राजा कृष्णमूर्ति, वाशिंगटन से प्रमिला जयपाल और कैलिफोर्निया से रो खन्ना भी अमेरिकी संसद में पहुंच चुके हैं।
अमेरिका में पहली बार भारतीय मूल के अमेरिकी इतनी संख्या में अमेरिका के प्रतिनिधि सभा में पहुंचे हैं। इसके अलावा भारतीय मूल की अमेरिकी कमला हैरिस को अमेरिकी सीनेटर नियुक्त किया गया है। एमी बेरा अकेले ऐसे भारतवंशी हैं, जो पहले कांग्रेस में रह चुके हैं। उन्होंने सैक्रेमेंटो काउंटी के रिपब्लिकन शेरिफ स्कॉट जॉन को हराया है।