भारत में अमेरिका की प्रभारी राजदूत एलिजाबेथ जोन्स ने शुक्रवार को कहा कि भारत और पाकिस्तान के बीच संबंधों पर अमेरिका को टिप्पणी करने का अधिकार नहीं है। पत्रकारों से बातचीत में एलिजाबेथ ने कहा कि अमेरिका भारत और पाकिस्तान के साथ अपने रिश्तों को पूरी तरह से दो अलग नीतिगत मंचों के रूप में मानता है।
भारत के लिए यूएस वीजा वेटिंग टाइम को कम करने की कोशिश जारी
एलिजाबेथ जोन्स ने कहा कि भारत में वीजा जारी करने में लंबे समय तक इंतजार करने की समस्या को हल करने के लिए अमेरिका जबरदस्त प्रयास कर रहा है। उन्होंने इस बात को स्वीकार किया कि वीजा की अधिक मांग के कारण देश में स्थिति विशेष रूप से खराब है। नवनियुक्त राजनयिक ने कहा कि यह मुद्दा वॉशिंगटन की प्राथमिकताओं में सबसे ऊपर है और वीजा देने के लिए वेटिंग टाइम को कम करने के लिए शुरू किए जा रहे कोशिश में वीजा सलाहकारों की भर्ती और ट्रेनिंग शामिल है।