कोरोना महामारी में भारत जिस तरह से स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर जूझ रहा है, वह किसी से छुपा नहीं है। इसी बीच भारत को सहयोग करने के लिए अमेरिकी सरकार आगे आई है। वैक्सीन की कमी से जूझ रहे भारत को अमेरिका ने 8 करोड़ वैक्सीन की डोज देने का एलान किया है। हालांकि, विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने कहा कि हम अमेरिकी सरकार के साथ संपर्क में हैं, लेकिन इस मामले में हमारे पास कोई स्पष्ट जानकारी नहीं है।
वैक्सीन की कमी को लेकर अमेरिका से बात कर रहा भारत
बागची ने बताया है कि भारत अमेरिकी उद्यमियों के साथ टीकों की खरीद और देश में उसके उत्पादन की संभावना के बारे में बातचीत कर रहा है। यदि एक बार वैक्सीन सीधे खरीद से या उत्पादन के माध्यम से उपलब्ध हो जाता है तो देश में टीके की समस्या काफी हद तक हल हो जाएगी।
40 से अधिक देश कर रहे हैं भारत का सहयोग
विदेश सचिव ने बताया कि कहा कि इस त्रासदी के दौर में अमेरिका, रूस, यूरोप, आस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड सहित 40 देशों ने भारत के सहयोग के लिए हाथ आगे बढ़ाया है। भारत ने हमेशा से इस बात पर जोर दिया है इस महामारी से निपटने के लिए सामूहिक पहल की जरूरत है।
भारत ने दुनिया का सहयोग किया था, अब दुनिया कर रही मदद
भारत के विदेश सचिव श्रृंगला ने पहले ही कहा था कि जब कोविड महामारी शुरू हुई थी तब भारत ने दुनिया के देशों को हाइड्रोक्सी क्लोरोक्वीन, पेरासिटामोल और रेमडेसिवीर सहित अन्य आवश्यक दवाओं की आपूर्ति की थी। यही वजह है कि अब दुनिया के अन्य देश भारत को सहयोग देने के लिए आगे आ रहे हैं।